Greater Noida encounter: बाइक सवार दो बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में गोली लगी, चोरी की R-15 और तमंचे बरामद

Greater Noida encounter: ग्रेटर नोएडा, ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस और बाइक सवार दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। चेकिंग के दौरान पुलिस के रुकने के इशारे पर बदमाश भागने लगे। बाइक गिरने के बाद एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि उसके साथी को कॉम्बिंग अभियान के दौरान दबोच लिया गया। दोनों के कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस और गुरुग्राम से चोरी की यामाहा R-15 बाइक बरामद हुई है।

पुलिस के अनुसार, शनिवार रात करीब 12 बजे रबूपुरा के कार्गो टी-पॉइंट पर संदिग्ध वाहनों की नियमित चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक आते नजर आए। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों ने बाइक घुमाकर भागने की कोशिश की। कुछ दूर जाकर बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद पीछे बैठे बदमाश ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी।

आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। इसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान मुरादगढ़ी निवासी बंटी उर्फ मलिंगा (34) के रूप में हुई। उसके पास से .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। घायल बंटी को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आसपास के इलाके में कॉम्बिंग अभियान चलाया। इस दौरान बंटी का साथी बबलू (32) भी पकड़ा गया। उसके पास से भी .315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। दोनों आरोपी मुरादगढ़ी गांव के ही निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों से बरामद यामाहा R-15 बाइक गुरुग्राम के सुशांत लोक ईस्ट जोन थाने में दर्ज चोरी के मुकदमे से जुड़ी है। पुलिस अब बाइक चोरी के मामले में भी दोनों से पूछताछ कर रही है।

इसके अलावा पुलिस का कहना है कि बंटी और बबलू पर 12 अगस्त की रात अपने गांव मुरादगढ़ी में दो युवकों को गोली मारकर घायल करने का भी आरोप है। उस घटना में दोनों पक्षों के बीच विवाद के बाद गोलीबारी हुई थी, जिसमें दो लोग घायल हुए थे। पुलिस दोनों आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटा रही है और उनसे गहन पूछताछ कर रही है। गौतम बुद्ध नगर पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में अपराधियों के खिलाफ सख्ती का संदेश गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और चेकिंग अभियान को और तेज किया जाएगा। घायल आरोपी के इलाज के बाद कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।

यह भी पढ़ें: Death of Ashish Banerjee: बंगाल के पूर्व डिप्टी स्पीकर TMC कार्यालय में मृत मिले, सुसाइड नोट बरामद

यहां से शेयर करें