New Delhi news राजधानी में बढ़ते धूल प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए दिल्ली सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। अब दिल्ली की सभी निर्माण एवं तोड़फोड़ (सी एंड डी) साइट्स पर कम से कम 100 जीएसएम वाली ग्रीन नेट का इस्तेमाल अनिवार्य कर दिया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) की ओर से सोमवार को जारी आदेश में कहा गया है कि निर्माण स्थलों, खुले निर्माण क्षेत्रों और जमा किए गए सी एंड डी मटेरियल को अब हाई-डेंसिटी डस्ट स्क्रीन से ढंकना जरूरी होगा, ताकि उड़ने वाली धूल को प्रभावी ढंग से रोका जा सके। सरकार का मानना है कि इससे पीएम 2.5 और पीएम 10 जैसे खतरनाक प्रदूषक कणों में कमी आएगी।
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए सरकार बहु-स्तरीय रणनीति पर काम कर रही है। इसमें सख्त नियम, वैज्ञानिक उपाय, तकनीक आधारित निगरानी और जमीनी स्तर पर कड़ा प्रवर्तन शामिल है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की प्रदूषण के खिलाफ लड़ाई पूरी गंभीरता और तेजी से आगे बढ़ रही है। 100 जीएसएम का न्यूनतम मानक तय करके यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि धूल नियंत्रण के उपाय केवल औपचारिकता न बनें, बल्कि वास्तव में प्रभावी साबित हों। सरकार के अनुसार पहले निर्माण स्थलों को तिरपाल या ग्रीन नेट से ढंकना अनिवार्य था, लेकिन उसकी गुणवत्ता को लेकर कोई स्पष्ट मानक निर्धारित नहीं था। अब 100 जीएसएम की न्यूनतम मोटाई तय होने से धूल नियंत्रण उपाय अधिक मजबूत और प्रभावी बनेंगे। यह फैसला एयर क्वालिटी मैनेजमेंट आयोग (सीएक्यूएम) द्वारा जारी दिशा-निदेर्शों और सी एंड डी परियोजनाओं के निरीक्षण एसओपी के अनुरूप लिया गया है।
सरकार डस्ट पोर्टल 2.0 पर भी तेजी से काम कर रही है
पर्यावरण मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार डस्ट पोर्टल 2.0 पर भी तेजी से काम कर रही है। यह पोर्टल राजधानी की सभी निर्माण और तोड़फोड़ साइट्स की केंद्रीकृत निगरानी और नियंत्रण के लिए विकसित किया जा रहा है। सरकार पहले ही सभी सी एंड डी साइट्स के लिए पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य कर चुकी है। डीपीसीसी का यह आदेश दिल्ली नगर निगम (एमसीडी), नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी), डीडीए, डीएमआरसी, केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) समेत कई प्रमुख एजेंसियों को तत्काल पालन के लिए भेज दिया गया है।
New Delhi news

