माननीय शहीद, आदरणीय के मालकिन के खिलाफ FIR दर्ज

नोएडा। सेक्टर-93बी स्थित ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में एक पालतू पग पर हुए जानलेवा हमले के मामले में फेज-दो थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुत्ते की मालकिन खुशी त्यागी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

रविवार सुबह हुई घटना

यह घटना रविवार सुबह की है, जब रामपुर ग्रेहाउंड नस्ल के एक बड़े कुत्ते ने एक महिला और उसके पालतू पग पर अचानक हमला कर दिया। हमले में पग की मौत हो गई, जबकि महिला भी जमीन पर गिर गई। घटना का करीब सवा दो मिनट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।

वीडियो में क्या दिखा

वायरल वीडियो के अनुसार, सोसाइटी परिसर में एक महिला अपने पालतू पग को टहला रही थी, तभी एक व्यक्ति बिना मजल लगाए बड़े कुत्ते को लेकर वहां पहुंचा। अचानक कुत्ता महिला और उसके पग पर झपट पड़ा। हमले के दौरान महिला जमीन पर गिर गई, जबकि बड़ा कुत्ता पग को जबड़े में दबाकर बुरी तरह नोचने लगा। आसपास मौजूद लोगों और महिला ने बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में पग की मौत हो गई।

पहले भी की थी शिकायत: पीड़िता

पीड़िता नमिता सिंह ने आरोप लगाया कि बड़े कुत्ते के आक्रामक व्यवहार को लेकर उन्होंने पहले भी शिकायत दी थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि कुत्ते को ऐसे व्यक्ति के साथ टहलाने भेजा गया था जो उसे संभालने के लिए प्रशिक्षित नहीं था, और उसे बिना मजल के ही घुमाया जा रहा था। नमिता के मुताबिक, उनका पग ‘गोगो’ कई वर्षों से परिवार का हिस्सा था और उसकी मौत से परिवार को गहरा सदमा पहुंचा है।

सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

वीडियो वायरल होने के बाद सोसाइटी में पालतू कुत्तों को टहलाने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। निवासियों का कहना है कि बड़े और ताकतवर कुत्तों को सार्वजनिक स्थानों पर ले जाते समय उन्हें ठीक से नियंत्रित रखना जरूरी है, ताकि किसी अन्य व्यक्ति या पालतू जानवर को नुकसान न पहुंचे। शिकायत के आधार पर फेज-दो थाना पुलिस ने खुशी त्यागी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें: नोएडा में डॉक्टर से साइबर ठगी, इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर 20 लाख रुपये हड़पे

यहां से शेयर करें