Furniture market fire: शाहबेरी में लकड़ी कटिंग की दुकान में लगी आग, दम घुटने से युवक की मौत, दूसरा गंभीर

Furniture market fire: ग्रेटर नोएडा वेस्ट। शाहबेरी स्थित फर्नीचर मार्केट में एक लकड़ी कटिंग की दुकान में गुरुवार रात भीषण आग लग गई, जिसमें दम घुटने से एक युवक की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना बिसरख थाना क्षेत्र की है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

दमकल अधिकारी ने दी जानकारी

जिला दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि बिसरख थाना क्षेत्र के शाहबेरी में सीएनसी लकड़ी कटिंग की दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना पर तुरंत फायर सर्विस यूनिट और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। एहतियात के तौर पर विद्युत विभाग से संपर्क कर बिजली आपूर्ति बंद करवाई गई।

दो लोग मूर्छित हालत में निकाले गए

दमकल कर्मियों ने दुकान के अंदर फंसे दो व्यक्तियों — अल्तमस और अमन — को मूर्छित अवस्था में बाहर निकाला। दोनों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने अल्तमस को मृत घोषित कर दिया। वहीं अमन की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है। फिलहाल आग को पूरी तरह बुझा दिया गया है और घटना को लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें: Noida Murder-Suicide: 16 साल के बेटे ने सोते पिता को कुल्हाड़ी से काटा, फिर मेट्रो के आगे कूदकर की आत्महत्या; खून से सने कपड़े और हथियार बरामद

यहां से शेयर करें