खेल के मैदान से पुलिस की वर्दी तक, महिला सिपाही बनीं सब-इंस्पेक्टर

मेहनत, अनुशासन और खेल प्रतिभा का अनुपम उदाहरण पेश करते हुए नोएडा पुलिस की महिला आरक्षी मधु सिंह को सब-इंस्पेक्टर (SI) के पद पर पदोन्नत किया गया है। इस मौके पर नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने खुद उनके कंधों पर स्टार लगाकर सम्मानित किया। यह समारोह नोएडा पुलिस कमिश्नरेट में आयोजित किया गया, जहां अधिकारियों और कर्मियों ने तालियों से मधु सिंह का स्वागत किया।

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने मधु सिंह की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि वे विभाग की गौरवशाली पहचान हैं। “मधु सिंह खेल और सेवा के क्षेत्र में समर्पण का बेहतरीन उदाहरण हैं। उनकी यह सफलता युवाओं खासकर महिला पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणादायक है। हम उम्मीद करते हैं कि वे आगे भी नोएडा पुलिस और देश का नाम रोशन करती रहेंगी,” कमिश्नर ने कहा।

स्पोर्ट्स कोटे से भर्ती, खेलों में चमकदार प्रदर्शन

मधु सिंह वर्ष 2023 में स्पोर्ट्स कोटे के तहत नोएडा पुलिस में भर्ती हुई थीं। वे ताइक्वांडो की राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी हैं और लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। हाल ही में ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2025 में उन्होंने गोल्ड और ब्रॉन्ज मेडल जीते। इसके अलावा उन्होंने कई प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में देश का गौरव बढ़ाया है।

उनकी प्रमुख उपलब्धियां: माउंट एवरेस्ट इंटरनेशनल ओपन ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2026 – गोल्ड मेडल, 40वीं नेशनल चैंपियनशिप 2025 – सिल्वर मेडल,  38वें नेशनल गेम्स (उत्तराखंड) – ब्रॉन्ज मेडल, वर्ल्ड ताइक्वांडो चैंपियनशिप, 4th नेशनल चैंपियनशिप (कटक), 3rd सीनियर नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप और 2nd वूमेन्स लीग ताइक्वांडो चैंपियनशिप में उल्लेखनीय प्रदर्शन।

महिलाओं की आत्मरक्षा की प्रेरणा

मधु सिंह केवल एक कुशल खिलाड़ी और पुलिस अधिकारी ही नहीं, बल्कि समाज में महिलाओं के सशक्तिकरण की भी प्रतीक हैं। वे नियमित रूप से छात्राओं और महिलाओं को सेल्फ डिफेंस की ट्रेनिंग देती हैं, जिससे उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिलती है। पदोन्नति मिलने के बाद मधु सिंह ने विभाग और वरिष्ठ अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “यह सम्मान मुझे और अधिक मेहनत करने की प्रेरणा देगा। मैं नोएडा पुलिस का नाम हमेशा ऊंचा रखने का प्रयास करूंगी।”

महिला नेतृत्व का उदाहरण

यह घटना इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह उत्तर प्रदेश की पहली महिला पुलिस कमिश्नर हैं। उनके नेतृत्व में विभाग में योग्यता और प्रदर्शन आधारित पदोन्नतियों को प्रोत्साहन मिल रहा है। मधु सिंह की यह सफलता न केवल नोएडा पुलिस के लिए बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश पुलिस बल के लिए प्रेरणादायक है, जो साबित करती है कि खेल का मैदान और ड्यूटी का मैदान दोनों में उत्कृष्टता हासिल की जा सकती है।

यह भी पढ़ें: 14 साल बाद हापुड़ से पकड़ा गया छात्र नेता हत्याकांड का शार्प शूटर रॉबिन सिंह

यहां से शेयर करें