नोएडा। डूब क्षेत्र में बसी कॉलोनियों में बिजली कनेक्शन और अन्य बुनियादी समस्याओं को लेकर भारतीय किसान परिषद के बैनर तले चल रहा धरना अपने 11वें दिन भी जारी रहा। मांगों के समर्थन में अब तक 31 लोग अनशन पर बैठ चुके हैं, जिनमें 23 महिलाएं और 8 पुरुष शामिल हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि डूब क्षेत्र की कॉलोनियों में बिजली कनेक्शन की समस्या काफी समय से बनी हुई है और जब तक इस बारे में लिखित आश्वासन नहीं मिलता, तब तक धरना और अनशन जारी रहेगा।
42 कॉलोनियों में बिजली संकट
भारतीय किसान परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखवीर खलीफा के अनुसार, डूब क्षेत्र की करीब 42 कॉलोनियों में बिजली कनेक्शन की समस्या है। उन्होंने बताया कि कुछ कॉलोनियों में कनेक्शन दिए जा रहे हैं, जबकि बाकी में बिजली के पोल और तार लगाने के लिए जरूरी ढांचा ही मौजूद नहीं है।
उनके मुताबिक छिजारसी और चोटपुर कॉलोनी में पहले से बिजली का इंफ्रास्ट्रक्चर होने के कारण वहां कनेक्शन दिए जा रहे हैं, लेकिन बाकी कॉलोनियों में पोल-तार लगाने की अनुमति को लेकर अड़चन बनी हुई है। सुखवीर खलीफा ने सवाल उठाया कि जब बिजली के बुनियादी ढांचे का निर्माण ही नहीं होगा, तो इन कॉलोनियों तक बिजली आपूर्ति कैसे पहुंच पाएगी।
हजारों लोगों को हो रही परेशानी
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि डूब क्षेत्र की इन कॉलोनियों में हजारों लोग रहते हैं और उन्हें बिजली सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उनकी मांग है कि प्रशासन जल्द से जल्द इस समस्या का स्थायी समाधान निकाले।
कैंडल मार्च और पैदल मार्च के बाद अब अनशन
गौरतलब है कि बिजली की समस्या को लेकर इससे पहले प्रदर्शनकारी कैंडल मार्च और पैदल मार्च भी निकाल चुके हैं, लेकिन समाधान न होने पर अब अनशन का रास्ता अपनाया गया है। सुखवीर खलीफा ने स्पष्ट किया कि जब तक मांगों पर लिखित आश्वासन नहीं मिलता, आंदोलन इसी तरह जारी रहेगा।

