नई दिल्ली। दिल्ली, नोएडा ग्रेनो, गाजियाबाद, गुरूग्राम और फरीदाबाद जैसे शहरों में अब आसमान से आग बरसने वाली है। आईएमडी ने तापमान बढने के साथ लू की चेतावनी जारी की है। मंगलवार से अगले चार दिनों तक लू चलने की संभावना जताई गई है और अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में गर्मी और भी विकराल रूप ले सकती है।
41-42 डिग्री के बीच रहेगा दिन का पारा
मंगलवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिन का तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। दिनभर आसमान साफ रहेगा और तेज धूप खिली रहेगी, जिससे लू का असर और अधिक महसूस होगा।
और बढ़ेगी गर्मी, लू होगी और गंभीर
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ सकता है, जिससे लू की स्थिति और भी गंभीर हो जाएगी। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।
AQI 171, हवा मध्यम श्रेणी में
गर्मी के साथ-साथ वायु प्रदूषण भी चिंता का विषय बना हुआ है। मंगलवार सुबह साढ़े नौ बजे दिल्ली का एक्यूआई 171 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है। एनसीआर के अन्य शहरों में भी हवा मध्यम से खराब श्रेणी में बनी हुई है। पूर्वानुमान के अनुसार फिलहाल एक्यूआई की यही स्थिति बनी रहेगी।
यह भी पढ़ें: नोएडा: PGI कैंपस में लैब टेक्निशन प्रशिक्षु ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

