New Delhi news दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने पीआरओ दिल्ली पुलिस एवं शिक्षा निदेशालय, जीएनसीटीडी के सहयोग से शुक्रवार को दिल्ली पुलिस मुख्यालय स्थित आदर्श आॅडिटोरियम में स्कूली छात्रों के लिए मेगा रोड सेफ्टी अवेयरनेस कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जिम्मेदार यातायात व्यवहार विकसित करना था।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की रोड सेफ्टी सेल द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का यूट्यूब पर लाइव प्रसारण भी किया गया, जिसके माध्यम से दिल्ली के विभिन्न स्कूलों के लगभग एक लाख छात्रों ने वर्चुअली भाग लिया। वहीं, करीब 400 छात्र कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों और विशेषज्ञों ने सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण और संवादात्मक सत्र आयोजित किए। छात्रों को ट्रैफिक नियमों के पालन, सड़क अनुशासन, पैदल यात्रियों एवं साइकिल चालकों की सुरक्षा, हेलमेट और सीट बेल्ट के सही उपयोग, तेज रफ्तार और मोबाइल फोन के इस्तेमाल से होने वाले खतरों के बारे में जानकारी दी गई।
इसके अलावा स्कूल जाने वाले बच्चों के लिए सुरक्षित यात्रा, जिम्मेदार सड़क व्यवहार, सड़क दुर्घटना की स्थिति में आपातकालीन सहायता और प्राथमिक सावधानियों के संबंध में भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम को रोचक बनाने के लिए शैक्षिक फिल्में और आॅडियो-विजुअल प्रस्तुतियां भी दिखाई गईं।
छात्रों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और सड़क सुरक्षा संबंधी जानकारियों में विशेष रुचि दिखाई। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का उद्देश्य बच्चों में प्रारंभिक स्तर से ही सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करना है ताकि वे भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बन सकें।
कार्यक्रम में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। इस दौरान जानकारी दी गई कि 18 मई से 5 जून 2026 तक दिल्ली के चारों ट्रैफिक ट्रेनिंग पार्कों में तीन चरणों में समर कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों में सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के साथ-साथ सेल्फ डिफेंस, साइबर सुरक्षा, फर्स्ट एड, सीपीआर, जेंडर सेंसिटाइजेशन और अन्य जागरूकता गतिविधियों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। विभिन्न प्रतियोगिताएं और इंटरैक्टिव सत्र भी आयोजित होंगे।


New Delhi news

