New Delhi news दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का सामुदायिक सहभागिता आधारित अभियान ‘प्रोजेक्ट संगम’ लगातार गति पकड़ रहा है। पिछले पखवाड़े के दौरान दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विभिन्न क्षेत्रों में 61 सामुदायिक बैठकों का आयोजन कर आरडब्ल्यूए, मार्केट एसोसिएशन, आॅटो व ई-रिक्शा यूनियनों, टैक्सी एग्रीगेटर्स तथा स्कूली छात्रों से संवाद स्थापित किया।
इन बैठकों में कुल 104 शिकायतें एवं सुझाव प्राप्त हुए, जिनमें से 87 का समाधान ट्रैफिक पुलिस ने प्रवर्तन और जागरूकता अभियानों के माध्यम से किया। वहीं 16 मामलों को स्पीड ब्रेकर, अतिक्रमण और अन्य आधारभूत ढांचा संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए पीडब्ल्यूडी और एमसीडी जैसी एजेंसियों को भेजा गया।
पिछले दो सप्ताह के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने 40 से अधिक विशेष प्रवर्तन अभियान चलाए, जिनमें गलत दिशा में वाहन चलाने, ट्रिपल राइडिंग, मॉडिफाइड साइलेंसर और अवैध पार्किंग के खिलाफ हजारों चालान किए गए। 61 बैठकों में 700 से अधिक लोगों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
दिल्ली गेट, चावड़ी बाजार, पहाड़गंज, कश्मीरी गेट, झंडेवालान मंदिर, आईएसबीटी और टिकरी बॉर्डर सहित विभिन्न स्थानों पर 15 सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित किए गए। इसके अलावा करोल बाग, बुराड़ी, यमुना विहार, पपरावत और पटेल रोड क्षेत्रों में ई-रिक्शा और टैक्सी चालकों के लिए 10 विशेष अनुशासन अभियान चलाए गए।
ट्रैफिक अधिकारियों ने कैप्टन गौर मार्ग, नीलोठी-मीरा बाग रोड सहित अन्य स्थानों पर स्पीड ब्रेकर और यू-टर्न से जुड़ी छह मांगों को लेकर पीडब्ल्यूडी के साथ समन्वय किया। वहीं पांच बाजार क्षेत्रों में रेहड़ी-पटरी अतिक्रमण हटाने के लिए एमसीडी के साथ भी कार्रवाई की गई।
इस दौरान हारकोर्ट बटलर स्कूल में 120 छात्रों के लिए समर कैंप, छतरपुर और पश्चिम विहार में चालकों के साथ बैठकें, ईस्ट आॅफ कैलाश में स्थानीय निवासियों की समस्याओं का समाधान तथा रिठाला, रोहिणी वेस्ट और घेवरा मेट्रो स्टेशनों पर 100 से अधिक ई-रिक्शा चालकों को जागरूक करने जैसे कई उल्लेखनीय कार्यक्रम आयोजित किए गए। आईजीआई एयरपोर्ट पर ओला, उबर और भारत टैक्सी के प्रतिनिधियों के साथ भी समन्वय बैठकें की गईं।
जन-जागरूकता अभियान में उत्कृष्ट कार्य के लिए मिली विशेष सराहना
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, दरीयागंज, पहाड़गंज, सदर बाजार, कोतवाली, साकेत, करोल बाग, सिविल लाइंस और अशोक विहार सर्किलों को शिकायतों के त्वरित निस्तारण और जन-जागरूकता अभियानों में उत्कृष्ट कार्य के लिए विशेष सराहना मिली है।
प्रोजेक्ट संगम जनोन्मुखी बनाने की दिशा में निभा रहा अहम भूमिका
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक मुख्यालय एवं जोन-1) विजयंता गोयल आर्य ने कहा कि प्रोजेक्ट संगम सामुदायिक भागीदारी और त्वरित कार्रवाई के माध्यम से राजधानी में यातायात प्रबंधन को अधिक प्रभावी और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।



New Delhi news

