क्राइम ब्रांच ने एनडीपीएस में भगोड़ा बदमाश दबोचा

New Delhi news  दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने फरार घोषित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नजफगढ़ थाना क्षेत्र के एनडीपीएस एक्ट मामले में वांछित बदमाश धर्मेंद्र को मुंडका टोल के पास से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित लंबे समय से फरार चल रहा था और अदालत ने उसे हाल ही में भगोड़ा घोषित किया था।
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त हर्ष इंदौरा ने बताया कि धर्मेंद्र के खिलाफ नजफगढ़ थाने में वर्ष 2025 में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज हुआ था। मामले में पहले गिरफ्तार आरोपी कुंदन के पास से 2 किलो गांजा मिला था। पूछताछ में कुंदन ने खुलासा किया था कि बरामद गांजा का सप्लायर धर्मेंद्र ही है। इसके बाद से वह लगातार फरार चल रहा था।
मामले में द्वारका कोर्ट की विशेष एनडीपीएस अदालत ने 17 अप्रैल 2026 को धर्मेंद्र को भगोड़ा घोषित कर दिया था। इसके बाद उसकी क्राइम ब्रांच की टीम ने तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार इंस्पेक्टर गौतम मलिक के नेतृत्व में एक टीम ने सटीक सूचना पर जाल बिछाया और तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपित की लोकेशन ट्रैक कर उसे दबोच लिया।
धर्मेंद्र ने जल्दी पैसे कमाने के लिए नशे के कारोबार में रखा कदम
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपित धर्मेंद्र का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है। वर्ष 2012 में उसने अपने भाई के साथ मिलकर एक व्यक्ति की हत्या की थी, जिसमें उसे सजा भी हो चुकी है। इसके अलावा वर्ष 2023 में अवैध हथियार रखने के मामले में भी वह गिरफ्तार हो चुका है। वर्ष 2016 में चोरी की बाइक के साथ भी पकड़ा गया था। पुलिस ने बताया कि जेल से बाहर आने के बाद धर्मेंद्र ने जल्दी पैसे कमाने के लिए नशे के कारोबार में कदम रखा और गांजा तस्करी करने लगा। वह अपने साथी कुंदन के साथ मिलकर दिल्ली में नशे की सप्लाई करता था।

New Delhi news

यहां से शेयर करें