Chamoli tunnel accident: चमोली (उत्तराखंड), गुरुवार शाम उत्तराखंड के चमोली जिले में एक बड़ा हादसा हो गया। विष्णुगढ़-पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना (THDC) की निर्माणाधीन सुरंग में अचानक भारी मात्रा में मलबा और पानी घुसने से कई मजदूर अंदर फंस गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सुरंग में काम कर रहे करीब 18 से 19 मजदूर फंस गए थे। राहत एवं बचाव टीमों ने युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और अब तक 16 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। शेष मजदूरों को निकालने का अभियान जारी है।
घटना शाम करीब 6:10 से 7:05 बजे के बीच हुई। निर्माणाधीन टनल में अचानक भूस्खलन या पानी का तेज बहाव होने से मलबा और पानी अंदर घुस गया। काम कर रहे मजदूर हड़कंप में फंस गए। बाहर निकले मजदूरों ने प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद पुलिस, जिला प्रशासन, एंबुलेंस और आपदा राहत टीमें मौके पर पहुंचीं।
चमोली जिलाधिकारी गौरव कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह THDC द्वारा संचालित जलविद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग है। शाम करीब 6:30-6:45 बजे भारी मलबा और पानी घुसने से शिफ्ट में काम कर रहे मजदूर फंस गए। अब तक 14 से 16 मजदूरों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। शेष के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और आवश्यक मशीनरी तैनात की गई है। उम्मीद है कि कुछ घंटों में सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी राजिव सिंह पाल के अनुसार अब तक पांच घायल मजदूर अस्पताल पहुंचाए गए हैं। इनमें से दो की हालत अपेक्षाकृत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें स्थिर किया जा रहा है। अन्य हल्की चोटों वाले मजदूरों का इलाज चल रहा है। अतिरिक्त एंबुलेंस और मेडिकल टीमें मौके पर भेजी गई हैं। दो घायलों को जिला अस्पताल गोपेश्वर में भर्ती कराया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना का संज्ञान लेते हुए सोशल मीडिया पर कहा कि पीपलकोटी स्थित THDC टनल के भीतर मलबा एवं पानी आने की सूचना मिली है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तत्काल मौके पर भेज दी गई हैं। जिला प्रशासन सहित सभी संबंधित एजेंसियों को युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। सीएम ने कहा कि वे स्वयं अधिकारियों से निरंतर संपर्क में हैं और स्थिति की जानकारी ले रहे हैं। उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता टनल में फंसे प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना है। उन्होंने सभी के सकुशल होने की प्रार्थना की।
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि अतिरिक्त एंबुलेंस मौके पर भेजी गई हैं। पुलिस और प्रशासनिक टीमें मौजूद हैं। घायल मजदूरों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। यह परियोजना अलकनंदा नदी पर 444 मेगावाट क्षमता की विष्णुगढ़-पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना है, जिसका निर्माण THDC (इंडिया) लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। सुरंग में निर्माण कार्य एचसीसी कंपनी द्वारा संचालित है। अधिकारियों का कहना है कि बचाव अभियान तेजी से जारी है। फंसे मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। स्थिति पर नजर रखी जा रही है और ताजा अपडेट जारी किए जा रहे हैं।

