By-election 2026: प्रशांत किशोर ने ढहाया भाजपा का 30 साल पुराना किला, दतिया में कांग्रेस तो मांजलपुर में भाजपा की जीत

By-election 2026: बांकीपुर/दतिया/वडोदरा। बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बड़ी जीत दर्ज की है। भाजपा के उम्मीदवार नीरज सिन्हा को करीब 19 हजार वोटों के अंतर से हराकर पीके ने अपनी राजनीतिक पारी की शानदार शुरुआत की। यह सीट भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी, जिस पर पार्टी का पिछले तीन दशक से कब्जा रहा था।

जीत के बाद प्रशांत किशोर का भाजपा पर सीधा हमला

काउंटिंग सेंटर पहुंचकर प्रशांत किशोर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बांकीपुर में भाजपा का 30 साल पुराना गढ़ महज 30 दिनों में ढह गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह चुनाव केवल एक विधायक चुनने के लिए नहीं था। पीके ने कहा कि उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से उनकी कोई व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है, लेकिन इस जीत के जरिए बिहार की जनता ने भाजपा को साफ संदेश दिया है कि राज्य की कमान किसी अच्छे चरित्र और काबिलियत वाले व्यक्ति को सौंपी जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि जितनी चिंता केंद्रीय नेतृत्व गुजरात के विकास को लेकर करता है, उतनी ही चिंता बिहार को लेकर भी दिखाई जाए, ताकि राज्य से हो रहा पलायन रुके और बेरोजगारी की समस्या कम हो। पीके ने अपने समर्थकों का आभार जताते हुए कहा कि जिन लोगों ने वोट नहीं दिया, उनका भरोसा जीतने के लिए वे और मेहनत करेंगे। उन्होंने विनम्रता दिखाते हुए यह भी कहा कि उनके विधायक बनने से बांकीपुर रातों-रात बेंगलुरु नहीं बन जाएगा, लेकिन अगले दो-तीन महीनों में क्षेत्र में बदलाव जरूर नजर आएगा।

दतिया में कांग्रेस की वापसी, भाजपा को झटका

मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर भी भाजपा को बड़ा झटका लगा है। यहां कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को छह हजार से अधिक वोटों से हराया। शुरुआती राउंड में भाजपा उम्मीदवार आगे चल रहे थे, लेकिन गिनती के आगे बढ़ने के साथ कांग्रेस ने बढ़त बना ली और अंततः जीत हासिल की। गौरतलब है कि इस सीट पर भाजपा को लगातार दूसरी बार हार का सामना करना पड़ा है।

मांजलपुर में भाजपा का दबदबा बरकरार

वहीं गुजरात के वडोदरा जिले की मांजलपुर विधानसभा सीट पर भाजपा ने अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी। पार्टी उम्मीदवार सतीश गोविंदभाई पटेल ने बड़े अंतर से जीत दर्ज कर इस सीट पर भाजपा का कब्जा कायम रखा।

तीन राज्यों के नतीजों का सियासी संदेश

बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की इन तीन बहुचर्चित सीटों के नतीजों ने अलग-अलग राजनीतिक संदेश दिए हैं। जहां बांकीपुर और दतिया में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा, वहीं मांजलपुर में पार्टी ने अपना दबदबा बनाए रखा। बांकीपुर की जीत को खासतौर पर प्रशांत किशोर और जन सुराज पार्टी के लिए बिहार की राजनीति में एक बड़े मील के पत्थर के रूप में देखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें: Noida Medanta Hospital controversy: मरीज से दोगुना बिल वसूलने का आरोप, CMO ने थमाया नोटिस

यहां से शेयर करें