चोरी के बड़े गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

New Delhi news  द्वारका जिले के बिंदापुर थाना की क्रैक टीम ने चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए दो सक्रिय अपराधियों और चोरी का सामान खरीदने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, पिघली हुई चांदी की ईंट और पुराने सिक्के बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 28 अप्रैल को बिंदापुर थाने में एक ई-एफआईआर दर्ज कराई गई थी, जिसमें शिकायतकर्ता ने घर से सोने-चांदी के आभूषण और 73,800 रुपये नकद चोरी होने की जानकारी दी थी। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक युवक घर में घुसते और करीब दो घंटे बाद बाहर निकलते दिखाई दिया।
सीसीटीवी और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी आकाश यादव (19) को नजफगढ़ स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने साथी हर्ष प्रसाद (20) का नाम बताया। इसके बाद पुलिस ने हर्ष को भी गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान पता चला कि चोरी की योजना हर्ष ने बनाई थी और उसने अपने सहयोगी को घर की चाबी और नकदी व आभूषणों की जानकारी दी थी।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि चोरी की चांदी को करोल बाग के एक जौहरी के माध्यम से पिघलाकर बेच दिया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जौहरी राजेश कुमार कटारिया (54) को भी गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से करीब 2.43 किलोग्राम पिघली हुई चांदी बरामद की।
बरामद सामान में 5.58 लाख रुपये नकद, सोने के आभूषण, चांदी की पायल, बिछिया और 198 पुराने भारतीय व विदेशी सिक्के शामिल हैं। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

New Delhi news

यहां से शेयर करें