New Delhi news शाहदरा जिले के जीटीबी एन्क्लेव थाना की क्रैक टीम ने वाहन चोरी और मोबाइल झपटमारी की घटनाओं में शामिल एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो चोरी के दोपहिया वाहन और एक चोरी का मोबाइल फोन बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान इस्लाम उर्फ सोनू (30) निवासी गोकुलपुरी, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी दिल्ली के विभिन्न इलाकों से दोपहिया वाहन चोरी कर उन्हें मोबाइल झपटमारी और अन्य अपराधों में इस्तेमाल करता था।
पुलिस टीम नियमित गश्त और जांच के दौरान जीटीबी अस्पताल रेड लाइट के पास मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक कुख्यात वाहन चोर चोरी की स्कूटी के साथ आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तहिरपुर सर्विस रोड पर बैरिकेडिंग कर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।
जांच के दौरान आरोपी जिस टीवीएस जुपिटर स्कूटी पर सवार था, वह चोरी की निकली। तलाशी में उसके कब्जे से एक चोरी का वीवो वाई-21 मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर तहिरपुर स्थित सीएनजी पंप के पास से एक चोरी की सीबीजेड मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी पहले से आर्म्स एक्ट, वाहन चोरी और झपटमारी से जुड़े 11 मामलों में शामिल रहा है।
New Delhi news

