नोएडा-ग्रेटर नोएडा वासियों को बड़ी राहत — दादरी से प्रयागराज के लिए स्पेशल ट्रेन शुरू, दिल्ली की निर्भरता खत्म

Delhi News:

नोएडा और ग्रेटर नोएडा के यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है। दादरी रेलवे स्टेशन से प्रयागराज के बीच स्पेशल ट्रेन सेवा की शुरुआत रविवार को हो गई। पहली ट्रेन रात 10:15 बजे दादरी स्टेशन से प्रयागराज के लिए रवाना हुई। रेलवे ने इस रूट की समय-सारिणी जारी करने के साथ ही ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध करा दी है।

दिल्ली पर निर्भरता होगी कम

अब तक नोएडा और ग्रेटर नोएडा के यात्रियों को प्रयागराज या पूर्वांचल की तरफ जाने के लिए दिल्ली के आनंद विहार, नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन स्टेशन तक जाना पड़ता था, जिसमें समय और पैसा दोनों अधिक खर्च होते थे। दादरी स्टेशन की नोएडा व ग्रेटर नोएडा से दूरी अधिक नहीं है, इसलिए यह ट्रेन सेवा स्थानीय यात्रियों के लिए बेहद सुविधाजनक साबित होगी। उल्लेखनीय है कि दादरी स्टेशन प्रयागराज मंडल के अंतर्गत आता है, इसलिए यहां से संचालित ट्रेनों का नियंत्रण भी प्रयागराज मंडल द्वारा किया जाएगा। यह प्रशासनिक दृष्टि से भी यात्रियों के लिए फायदेमंद रहेगा।

जानें पूरी समय-सारिणी

जारी समय-सारिणी के अनुसार स्पेशल ट्रेन संख्या 02480 का रूट और समय इस प्रकार है:

स्टेशन समय
दादरी (प्रस्थान) रात 10:15 बजे
खुर्जा रात 10:50 बजे
अलीगढ़ रात 11:22 बजे
हाथरस रात 11:47 बजे
टूंडला रात 12:33 बजे
शिकोहाबाद रात 1:40 बजे
इटावा रात 2:27 बजे
फफूंद रात 3:07 बजे
गोविंदपुरी सुबह 5:05 बजे
फतेहपुर सुबह 6:02 बजे
सिराथू सुबह 7:07 बजे
प्रयागराज (आगमन) सुबह 7:15 बजे

प्रयागराज से वापस आने वाली ट्रेन भी दादरी तक चलेगी।

ऑनलाइन बुकिंग शुरू — घर बैठे करें रिजर्वेशन

रेलवे ने इस स्पेशल ट्रेन की टिकट बुकिंग ऑनलाइन पोर्टल पर उपलब्ध करा दी है। यात्री IRCTC की वेबसाइट या ऐप के जरिए घर बैठे अपनी सीट बुक कर सकते हैं। यह ट्रेन सेवा नोएडा और ग्रेटर नोएडा के उन लाखों यात्रियों के लिए वरदान साबित होगी जो रोजगार, पढ़ाई या परिवार से मिलने के लिए प्रयागराज और आसपास के इलाकों में आते-जाते हैं।

 

यह भी पढ़ें: प्राधिकरण की लापरवाही पड़ी भारी — सेक्टर 27 में खजूर के पेड़ से 11 हजार केवीए लाइन में लगी आग, खड़ी गाड़ियां जलीं

यहां से शेयर करें