नोएडा के सेक्टर 27, डी-98 में आज सुबह एक बड़ा हादसा उस वक्त हो गया जब पास के D-97 में लगा खजूर का पेड़ झुककर 11,000 केवीए की हाई टेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। इससे पेड़ में भीषण आग लग गई और जलता हुआ पेड़ नीचे खड़ी गाड़ियों पर आ गिरा, जिससे वाहनों ने भी आग पकड़ ली। समय रहते निवासियों की सतर्कता, विद्युत विभाग और फायर ब्रिगेड के सहयोग से आग पर काबू पा लिया गया, वरना आग घरों तक भी पहुंच सकती थी।
पहले से थी चेतावनी, फिर भी अनदेखी
सेक्टर 27 RWA के अध्यक्ष राजीव गर्ग ने बताया कि यह हादसा अचानक नहीं हुआ — यह प्राधिकरण की सुनियोजित लापरवाही का नतीजा है। उन्होंने कहा कि नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों को कई बार लिखित पत्र और सीधी वार्ता के जरिए सूचित किया गया था कि:
- 11,000 केवीए और एलटी लाइनों के ऊपर आने वाले पेड़ों की छंटाई कराई जाए।
- जिन पेड़ों की ऊंचाई अधिक है, उन्हें ऊपर से काटा जाए।
- D-97 में खड़ा खजूर का पेड़ बहुत लंबा हो गया है और वह झुककर 11,000 की लाइन पर आ रहा है, जिससे जानमाल का खतरा है।
लेकिन बार-बार अवगत कराने के बावजूद अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की, और आज उसी लापरवाही का खामियाजा निवासियों को भुगतना पड़ा।
निवासियों की तत्परता से बड़ा हादसा टला
राजीव गर्ग के अनुसार यदि निवासी समय रहते सजग न होते और विद्युत विभाग व फायर ब्रिगेड को तत्काल सूचना न दी जाती तो यह आग आसपास के घरों तक भी फैल सकती थी। एक बड़ी त्रासदी से सेक्टर को बचाया गया, लेकिन वाहनों को नुकसान हो चुका है।
RWA की मांग — अब और इंतजार नहीं
RWA अध्यक्ष राजीव गर्ग ने प्राधिकरण से मांग की है कि:
- सेक्टर 27 सहित पूरे नोएडा में हाई टेंशन और एलटी लाइनों के आसपास के सभी खतरनाक पेड़ों की तत्काल छंटाई कराई जाए।
- भविष्य में ऐसी शिकायतों पर निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
- लापरवाह अधिकारियों के विरुद्ध जवाबदेही तय की जाए।

