Greater Noida। सेक्टर बीटा-1 में कूड़ा संग्रहण कर्मियों द्वारा घर-घर जाकर पैसे मांगने का मामला सामने आया है। निवासियों का आरोप है कि पैसे न देने पर कूड़ा न उठाने की धमकी दी जा रही है। इस मुद्दे पर आरडब्ल्यूए और सेक्टरवासियों ने कड़ा विरोध जताया है।
महिलाओं से भी दबाव बनाकर मांगे जा रहे पैसे
निवासियों ने बताया कि घर में पुरुष सदस्य न होने पर महिलाओं पर दबाव बनाकर पैसे वसूले जा रहे हैं, जिसे सेक्टरवासियों ने पूरी तरह अनुचित और आपत्तिजनक बताया है। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष संगीता शर्मा और महासचिव हरेन्द्र भाटी ने कहा कि यदि कोई शुल्क निर्धारित करना है तो पहले प्राधिकरण और आरडब्ल्यूए के बीच समन्वय होना चाहिए। बिना किसी आधिकारिक सूचना के पैसे मांगना पूरी तरह गलत है।
बिना वैधानिक आदेश के नहीं देंगे पैसे
सेक्टरवासियों का कहना है कि कूड़ा उठाने की व्यवस्था पहले से ही प्राधिकरण द्वारा संचालित है। यदि कोई अतिरिक्त शुल्क लगाया जाना है तो उसकी जानकारी आधिकारिक रूप से दी जाए। निवासियों ने साफ कहा कि बिना किसी वैधानिक आदेश के वे किसी को कोई भुगतान नहीं करेंगे।
स्पष्ट नीति बनाने की मांग
निवासियों ने मांग की है कि प्राधिकरण, संबंधित एजेंसी और आरडब्ल्यूए मिलकर एक स्पष्ट नीति तैयार करें, ताकि भविष्य में इस तरह के विवाद न हों। साथ ही चेतावनी दी कि यदि किसी महिला, बुजुर्ग या निवासी के साथ अभद्र व्यवहार किया गया या जबरन वसूली का प्रयास हुआ तो दोषियों के खिलाफ उचित मंच पर कार्रवाई की मांग की जाएगी। इस मौके पर आरडब्ल्यूए अध्यक्ष संगीता शर्मा, महासचिव हरेन्द्र भाटी, कोषाध्यक्ष एडवोकेट विपिन भाटी, उपाध्यक्ष राजबीर सिंह, सचिव ओम प्रकाश शर्मा, सलाहकार चौधरी जयपाल सिंह सहित सैकड़ों निवासी मौजूद रहे।

