Deprecated: File Theme without header.php is deprecated since version 3.0.0 with no alternative available. Please include a header.php template in your theme. in /home/u149331777/domains/jaihindjanab.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6260
स्कूल में शिक्षिका को गोली मारकर प्रेमी ने की आत्महत्या, बच्चों के सामने वारदात स्कूल में शिक्षिका को गोली मारकर प्रेमी ने की आत्महत्या, बच्चों के सामने वारदात

स्कूल में शिक्षिका को गोली मारकर प्रेमी ने की आत्महत्या, बच्चों के सामने वारदात

लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में सोमवार को एक स्कूल के अंदर दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जिसमें एक युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका को गोली मारकर हत्या कर दी और उसके बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। यह पूरी घटना छात्रों की मौजूदगी में हुई, जिससे स्कूल में हड़कंप मच गया।

क्या है पूरा मामला

पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे चिल्ड्रन एकेडमी स्कूल में हुई। मृतक शिक्षिका की पहचान 26 वर्षीय निशात फातिमा के रूप में हुई है, जो पिछले करीब एक साल से इसी स्कूल में पढ़ा रही थीं। आरोपी की पहचान 27 वर्षीय मोहम्मद सऊद के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, फातिमा और सऊद के बीच प्रेम संबंध था, लेकिन हाल ही में फातिमा ने यह रिश्ता खत्म कर दिया था। इसी बात से नाराज सऊद बैग में पिस्तौल छिपाकर स्कूल पहुंचा। उसने फातिमा को नीचे बुलाया और बाद में उसे ऊपरी मंजिल के एक गलियारे में ले गया।

स्टाफ ने किया पीछा, फिर चली गोली

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, स्कूल के एक स्टाफ सदस्य ने दोनों को ऊपर जाते देख उनका पीछा किया। गलियारे में बातचीत के दौरान सऊद ने पिस्तौल निकाली और फातिमा के सिर में गोली मार दी। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि सऊद फातिमा को हाथ पकड़कर जबरन ऊपरी मंजिल की ओर खींचकर ले जा रहा था, जबकि छोटे बच्चे यह सब देख रहे थे। फुटेज में फातिमा विरोध करती हुई भी नजर आईं। मीडिया से बातचीत में चश्मदीदों ने बताया कि कुल चार राउंड फायरिंग हुई। गोली चलने की आवाज सुनते ही स्कूल में अफरा-तफरी मच गई और बच्चे व स्टाफ दहशत में आ गए। स्टाफ ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जो घटनास्थल पर तुरंत पहुंच गई।

कक्षा 5 तक का है स्कूल, सुरक्षा व्यवस्था की होगी जांच

पुलिस के अनुसार, यह स्कूल कक्षा 5 तक के बच्चों के लिए है। घटना के बाद स्कूल की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और सुरक्षा व प्रवेश व्यवस्था की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया, “पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में और स्पष्टता आएगी।” अधिकारी ने यह भी कहा कि स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी और अगर कोई खामी पाई जाती है तो सुधारात्मक निर्देश जारी किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें: 25 साल पहले भारत ने कैसे बेअसर कर दिए थे अमेरिकी प्रतिबंध

यहां से शेयर करें