Deprecated: File Theme without header.php is deprecated since version 3.0.0 with no alternative available. Please include a header.php template in your theme. in /home/u149331777/domains/jaihindjanab.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6260
नोएडा में प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई, इलाबास में 40 एकड़ जमीन कराई कब्जामुक्त – जय हिन्द जनाब नोएडा में प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई, इलाबास में 40 एकड़ जमीन कराई कब्जामुक्त – जय हिन्द जनाब

नोएडा में प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई, इलाबास में 40 एकड़ जमीन कराई कब्जामुक्त

नोएडा। नोएडा प्राधिकरण ने ग्राम इलाबास की अधिसूचित भूमि पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 40 एकड़ जमीन को कब्जामुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान जमीन की खरीद-फरोख्त के लिए बनाए गए अवैध कार्यालय को भी ध्वस्त कर दिया गया। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से अवैध निर्माण और जमीन पर कब्जा करने वालों में हड़कंप मच गया।

सीईओ के निर्देश पर हुई कार्रवाई

नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश के निर्देश पर वर्क सर्किल-7 की टीम ने प्राधिकरण पुलिस बल के सहयोग से इलाबास गांव में कार्रवाई की। टीम ने खसरा संख्या 373, 374, 375, 376, 384, 385, 387, 388, 389, 390, 391, 410 और 412 में अधिसूचित भूमि का निरीक्षण किया।

अधिकारियों के मुताबिक संबंधित जमीन पर अवैध निर्माण और अतिक्रमण किया गया था। इसके चलते क्षेत्र के सुनियोजित विकास में बाधा उत्पन्न हो रही थी। निरीक्षण के बाद प्राधिकरण की टीम ने नियमानुसार अवैध निर्माण को हटाते हुए जमीन को अतिक्रमणमुक्त कराया।

जमीन की खरीद-फरोख्त के लिए बना कार्यालय ध्वस्त

कार्रवाई के दौरान मौके पर जमीन की खरीद-फरोख्त के लिए बनाए गए कार्यालय को भी ध्वस्त कर दिया गया। प्राधिकरण की टीम ने अवैध कब्जे वाले हिस्से को खाली कराकर जमीन को अपने कब्जे में लिया। कार्रवाई के दौरान संबंधित अधिकारी और प्राधिकरण पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।

अवैध कब्जे के खिलाफ आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

नोएडा प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक और प्राधिकरण की भूमि पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा या निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्राधिकरण की ओर से नागरिकों से अपील की गई है कि अधिसूचित भूमि पर अवैध निर्माण या अतिक्रमण न करें। प्राधिकरण का कहना है कि नोएडा के सुनियोजित विकास को प्रभावित करने वाले अवैध कब्जों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

यह भी पढ़ें: बारिश ने रोका ग्रामीण क्रिकेट टूर्नामेंट का मुकाबला, तिलपता ने बनाए 181 रन

यहां से शेयर करें