Deprecated: File Theme without header.php is deprecated since version 3.0.0 with no alternative available. Please include a header.php template in your theme. in /home/u149331777/domains/jaihindjanab.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6260
ग्रेटर नोएडा में प्राधिकरण का बुलडोजर एक्शन, 125 करोड़ की जमीन कराई कब्जामुक्त, जानिए जनता से क्या अपील – जय हिन्द जनाब ग्रेटर नोएडा में प्राधिकरण का बुलडोजर एक्शन, 125 करोड़ की जमीन कराई कब्जामुक्त, जानिए जनता से क्या अपील – जय हिन्द जनाब

ग्रेटर नोएडा में प्राधिकरण का बुलडोजर एक्शन, 125 करोड़ की जमीन कराई कब्जामुक्त, जानिए जनता से क्या अपील

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अधिसूचित क्षेत्र में अवैध कब्जे और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण की टीम ने ननवा का राजपुर और अटाई मुरादपुर गांव में बुलडोजर चलाकर करीब 62,500 वर्ग मीटर जमीन को कब्जामुक्त कराया। प्राधिकरण के अनुसार मुक्त कराई गई जमीन की अनुमानित कीमत करीब 125 करोड़ रुपये है।

ननवा का राजपुर में अवैध कॉलोनी पर चला बुलडोजर

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह के मुताबिक ननवा का राजपुर गांव के खसरा संख्या 40 और 41 में करीब 37,500 वर्ग मीटर जमीन पर अवैध कॉलोनी बसाने के लिए निर्माण कराया जा रहा था। इसकी जानकारी मिलने के बाद प्राधिकरण के वर्क सर्किल-8 की टीम ने कार्रवाई की। वरिष्ठ प्रबंधक नागेंद्र सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम ने मौके पर किए जा रहे अवैध निर्माण को बुलडोजर की मदद से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के बाद जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।

अटाई मुरादपुर में 25 हजार वर्ग मीटर जमीन खाली कराई

इसी क्रम में प्राधिकरण की टीम ने अटाई मुरादपुर गांव के खसरा संख्या 626 में भी कार्रवाई की। यहां करीब 25 हजार वर्ग मीटर जमीन पर किए गए अवैध निर्माण को बुलडोजर से हटा दिया गया।

दोनों गांवों में हुई कार्रवाई के दौरान ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति की जा रही प्लॉटिंग और निर्माण के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

अवैध कॉलोनियों में निवेश से बचने की अपील

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने लोगों से अपील की है कि अधिसूचित क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग और निर्माण की अनुमति नहीं है। उन्होंने कहा कि किसी भी जमीन या प्लॉट को खरीदने से पहले उसकी स्थिति के संबंध में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से जानकारी जरूर प्राप्त करें। उन्होंने लोगों को अवैध कॉलोनियों में निवेश करने से बचने की सलाह दी, ताकि भविष्य में उन्हें आर्थिक नुकसान या कानूनी परेशानी का सामना न करना पड़े।

125 करोड़ की जमीन पर कार्रवाई से मचा हड़कंप

प्राधिकरण की इस कार्रवाई में कुल करीब 62,500 वर्ग मीटर जमीन को कब्जामुक्त कराया गया है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 125 करोड़ रुपये बताई गई है। बड़ी कीमत वाली जमीन पर हुई कार्रवाई के बाद अवैध प्लॉटिंग और कब्जा करने वालों में हड़कंप मच गया है।

यह भी पढ़ें: नोएडा में प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई, इलाबास में 40 एकड़ जमीन कराई कब्जामुक्त

यहां से शेयर करें