-
धूलकोट गांव में हादसा, 40 से 50 मजदूर कर रहे थे काम
-
10 घायल अस्पताल में भर्ती, मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी
Ambala building accident अंबाला। हरियाणा के अंबाला स्थित धूलकोट गांव क्षेत्र में रविवार दोपहर निर्माणाधीन भवन की छत का लेंटर डालते समय पूरी इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय भवन में करीब 40 से 50 मजदूर काम कर रहे थे। मलबे में कई श्रमिकों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे में अब तक चार मजदूरों की मौत की सूचना है।
Ambala building accident
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस तथा डायल-112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीमों ने मलबे में दबे श्रमिकों को निकालने का काम शुरू किया। अब तक 10 घायल मजदूरों को अंबाला सिटी के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस बल और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी राहत एवं बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे। जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम युद्धस्तर पर जारी है। बचाव दल मलबे में फंसे अन्य लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की है। राहत एवं बचाव अभियान पूरा होने के बाद हादसे के कारणों की जांच की जाएगी।
Ambala building accident

