Air India Turbulence : नई दिल्ली। एयर इंडिया की फुकेत (थाईलैंड) से दिल्ली आ रही फ्लाइट AI2379 मंगलवार सुबह टर्बुलेंस का शिकार हो गई। इस दौरान विमान की ऊंचाई में अचानक बदलाव आया, जिससे करीब 12 यात्री और क्रू सदस्यों को मामूली चोटें आईं। एयर इंडिया के आधिकारिक बयान के अनुसार, फ्लाइट क्रूज के दौरान संक्षिप्त टर्बुलेंस-संबंधी घटना का सामना किया, जिससे ऊंचाई में क्षणिक परिवर्तन हुआ। विमान एयरबस A320 था और इसमें लगभग 134 यात्री सवार थे। फ्लाइट फुकेत से सुबह करीब 8:25 बजे रवाना हुई और दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर करीब 11:50 बजे सुरक्षित उतर गई।
दिल्ली हवाई अड्डे के सूत्रों के अनुसार, लगभग 10 यात्री और 2 क्रू सदस्यों को मामूली चोटें आईं। उन्हें हवाई अड्डे पर मौजूद मेदांता मेडिकल फैसिलिटी में जांच और इलाज के लिए ले जाया गया। एयर इंडिया ने स्पष्ट किया कि कोई गंभीर चोट नहीं है। सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित उतरे। एयरलाइन के प्रवक्ता ने कहा, “यात्रियों और क्रू की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हम प्रभावित लोगों को पूरी सहायता प्रदान कर रहे हैं और जांच में संबंधित अधिकारियों के साथ सहयोग कर रहे हैं।” कुछ यात्रियों ने बताया कि फ्लाइट अचानक झटके के साथ हिली और कुछ लोग अपनी सीटों से उछल गए। घटना के बाद हवाई अड्डे पर मेडिकल टीमें पहले से मौजूद थीं। अभी तक कोई गंभीर चोट की रिपोर्ट नहीं आई है। जांच जारी है|

