गाजियाबाद के गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में लगी भीषड़ आग: गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित ‘गौर ग्रीन एवेन्यू’ सोसाइटी में बुधवार सुबह एक फ्लैट में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें नौवीं मंजिल से निकलती देखी गईं, जिससे पूरी सोसाइटी और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों की सूचना पर दमकल की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
इस अग्निकांड में लगभग 10 से 12 फ्लैटों के पूरी तरह से जलकर खाक होने की खबर सामने आई है। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि धुएं का गुबार दूर-दूर तक देखा गया और सोसाइटी में रह रहे निवासियों में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह है कि समय रहते रेस्क्यू टीम ने निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे अब तक किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है और स्थिति पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं।

