ग्रेटर नोएडा। रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के चांदपुर गांव में शुक्रवार शाम करीब 4 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। अपने मकान की छत पर काम कर रही एक महिला हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई। करंट लगते ही वह छत से नीचे गिर पड़ी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।मृतका की पहचान 55 वर्षीय मुन्नी देवी के रूप में हुई है। वह मुकेश की पत्नी थीं। हादसे की खबर फैलते ही परिवार में कोहराम मच गया और आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जुट गए।
बिना पोस्टमार्टम हुआ अंतिम संस्कार
घटना के बाद परिजनों ने पोस्टमार्टम कराए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
मकान से सटकर गुजर रही थी लाइन, शिकायतों का आरोप
परिजनों का आरोप है कि हाईटेंशन लाइन उनके मकान से सटकर गुजर रही थी। उनका कहना है कि इसे हटवाने के लिए कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। यदि समय रहते लाइन हटा दी जाती, तो यह हादसा टल सकता था।
पुलिस का पक्ष
इस संबंध में पुलिस ने बताया कि महिला के परिजनों की ओर से अब तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें: सोसाइटी गेट पर पहचान पत्र मांगना पड़ा भारी, कार चालक ने गार्डों से की मारपीट

