नई दिल्ली, दिल्ली के पूर्वी हिस्से के कृष्णा नगर इलाके में शनिवार को सरस्वती बालिका विद्यालय शाहदरा स्कूल में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। कक्षा 12 की 17 वर्षीय छात्रा ने स्कूल परिसर में खुद को आग लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, सुबह पीसीआर कॉल पर कृष्णा नगर पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची। छात्रा को स्कूल के गार्ड रूम के पीछे जली हुई हालत में पाया गया। वह शाहदरा के सरस्वती बालिका विद्यालय (Sarvodaya Balika Vidyalaya) की छात्रा थी।
जांच के दौरान छात्रा के स्कूल बैग और मौके से कुछ सामग्री बरामद की गई। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक तीन पेज का सुसाइड नोट मिला है। कुछ रिपोर्टों में यह भी कहा गया कि छात्रा स्कूल में पेट्रोल की बोतल लेकर आई थी, लेकिन पुलिस ने अभी इन डिटेल्स की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (डीसीपी) ने बयान में कहा कि मौके का निरीक्षण करने के लिए क्राइम टीम बुलाई गई है। घटना की परिस्थितियों की जांच चल रही है। आगे की जांच जारी है। यह घटना दिल्ली में छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फिर से सवाल खड़े कर रही है। पुलिस ने मामले में पूरी जांच का आश्वासन दिया है। यदि कोई मानसिक तनाव या आत्महत्या संबंधी विचार महसूस कर रहा हो तो तुरंत मदद लें। भारत में टेली-मैनस हेल्पलाइन: 14416 या 1-800-599-0019।

