ग्रेटर नोएडा वेस्ट। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सेंचुरियन पार्क सोसाइटी में शुक्रवार को बिना स्टिकर की कार रोकने पर विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि कार चालक ने सिक्योरिटी सुपरवाइजर और गार्डों के साथ मारपीट की और उन पर कार चढ़ाने की कोशिश भी की। पूरी घटना सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
क्या है पूरा मामला
शिकायत के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर करीब 1:21 बजे एक व्यक्ति बिना स्टिकर लगी कार लेकर सोसाइटी में प्रवेश करने लगा। ड्यूटी पर तैनात सिक्योरिटी सुपरवाइजर कपिल ने उसे रोका और पहचान पत्र दिखाने को कहा। इस पर चालक भड़क गया और गार्डों से मारपीट करने लगा।
गार्डों ने कूदकर बचाई जान
आरोप है कि विवाद के दौरान चालक ने तेज रफ्तार में कार गार्डों की ओर बढ़ा दी। गार्डों ने कूदकर अपनी जान बचाई। घटना से सोसाइटी गेट पर अफरा-तफरी मच गई।
ओनर्स एसोसिएशन ने दी शिकायत
घटना के बाद सोसाइटी ओनर्स एसोसिएशन ने बिसरख थाने में लिखित शिकायत दी है। एसोसिएशन ने आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। फिलहाल कार चालक के खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

