नोएडा सेक्टर-105 में सड़कों पर 30-40 आवारा गोवंश, RWA ने प्राधिकरण से मांगी कार्रवाई

नोएडा। सेक्टर-105 की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) ने नागरिकों की सुरक्षा, जन-स्वास्थ्य और आवारा पशुओं के पुनर्वास को लेकर नोएडा विकास प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी को विस्तृत पत्र भेजा है। RWA अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय के नेतृत्व में भेजे गए इस पत्र में सेक्टर की कई समस्याओं की ओर अधिकारियों का ध्यान दिलाया गया है।

गेट नंबर 3 पर 30-40 गोवंश, दुर्घटना की आशंका

पत्र में सबसे अहम मुद्दा सेक्टर-105 के गेट नंबर 3 के मुख्य प्रवेश द्वार और मुख्य मार्ग पर लगातार जमा रहने वाले 30 से 40 आवारा गोवंशों का है। RWA के मुताबिक इस जमावड़े से आवागमन बाधित होता है और सड़क हादसों का खतरा हर समय बना रहता है। एसोसिएशन ने प्रशासन से आग्रह किया है कि इन पशुओं को कैटल-कैचर गाड़ियों की मदद से सुरक्षित तरीके से निकटतम प्राधिकृत गौशाला में पहुंचाया जाए, ताकि पशुओं के साथ आम नागरिक भी सुरक्षित रहें।

अवैध डॉग शेल्टर और कमर्शियल ब्रीडिंग सेंटर पर सवाल

RWA ने सेक्टर में चल रही कुछ गैर-आवासीय गतिविधियों पर भी आपत्ति जताई है। पत्र में विदेशी बिल्लियों के कमर्शियल ब्रीडिंग सेंटर और बिना वैधानिक अनुमति चल रहे डॉग शेल्टर का जिक्र है। एसोसिएशन का कहना है कि ये गतिविधियां आवासीय नियमों के विपरीत हैं और इनसे क्षेत्र की शांति व जन-स्वास्थ्य प्रभावित हो सकता है। RWA ने नियमानुसार प्रशासनिक संज्ञान लेने की मांग की है। साथ ही स्पष्ट किया कि पशु-प्रेम सराहनीय है, लेकिन इसे नियमों के दायरे में और निर्धारित व्यवस्थाओं के तहत ही किया जाना चाहिए, ताकि बुजुर्गों और बच्चों को असुविधा न हो।

नसबंदी योजना में पारदर्शिता, बाहर से पशु छोड़े जाने की जांच की मांग

आवारा कुत्तों की नसबंदी और संख्या नियंत्रण की सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता पर भी जोर दिया गया है। RWA ने अनुरोध किया है कि यदि बाहरी क्षेत्रों से पशु लाकर सेक्टरों के भीतर छोड़े जा रहे हैं तो इसकी निष्पक्ष समीक्षा हो, ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ जनता तक पहुंचे।

पेट पॉलिसी के पालन के लिए जागरूकता अभियान की मांग

पत्र में सर्वोच्च न्यायालय और प्राधिकरण की पेट पॉलिसी के तहत पालतू पशुओं को लीश में रखने और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाने के नियमों का पालन कराने की भी मांग की गई है। इसके लिए जन-जागरूकता अभियान और जरूरी प्रशासनिक कदम उठाने का आग्रह किया गया है, ताकि सड़कों पर गंदगी या आवारा पशुओं के कारण फिसलकर घायल होने वाले बुजुर्गों और राहगीरों को सुरक्षित रखा जा सके।

“किसी का विरोध नहीं, सुरक्षित माहौल हमारा उद्देश्य”: अध्यक्ष

RWA अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने कहा, “हम जीव-दया, पर्यावरण संरक्षण और आपसी सौहार्द के प्रति समर्पित हैं। हमारा उद्देश्य किसी व्यक्ति या व्यवस्था का विरोध करना नहीं, बल्कि बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और अनुशासित वातावरण बनाना है।” उन्होंने भरोसा जताया कि नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक और सहयोगात्मक कार्रवाई करेंगे।

यह भी पढ़ें: किडज़ानिया में RAYY ऐप का आधिकारिक लॉन्च

यहां से शेयर करें