नोएडा। सेक्टर-115 स्थित निर्माणाधीन आइवरी काउंटी प्रोजेक्ट में गुरुवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। 12वीं मंजिल से गिरकर 23 वर्षीय मजदूर जावेद हुसैन की मौत हो गई। मृतक पश्चिम बंगाल का रहने वाला था और प्रोजेक्ट में फोरमैन व लेबर इंचार्ज के रूप में काम कर रहा था। परिजनों और मजदूरों के अनुसार, गुरुवार रात करीब 8 बजे जावेद ऊंचाई से गिर पड़ा, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। परिजनों का कहना है कि ठेकेदार ने शव को मलबे में डालकर गायब करने की कोशिश की। मजदूरों को शव देखने तक नहीं दिया गया और उसे चुपचाप साइट से हटा लिया गया। पोस्टमार्टम के लिए शव ले जाने वाला व्यक्ति भी बिना किसी को सूचना दिए वहां से चला गया। घटना के बाद से ठेकेदार मौके से फरार हो गया है। कुछ लोगों ने ठेकेदार पर जावेद को धक्का देकर गिराने का भी आरोप लगाया है। शुक्रवार को घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और अन्य मजदूरों में नाराजगी फैल गई। उन्होंने प्रोजेक्ट में काम रोक दिया और विरोध प्रदर्शन किया। उनकी मांग है कि हादसे की पूरी जानकारी दी जाए और दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच व कार्रवाई हो।
सूचना मिलने पर थाना सेक्टर-113 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और शव छिपाने के आरोपों में कितनी सच्चाई है, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। यह हादसा निर्माण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की कमी को फिर उजागर करता है। मजदूर सुरक्षा नियमों का पालन न होने से अक्सर ऐसी घटनाओं के शिकार होते हैं। पुलिस जांच जारी है और ठेकेदार की तलाश की जा रही है।

