ग्रेटर नोएडा वेस्ट, मॉल की लिफ्ट में फंसे 8 लोग, एक घंटे बाद मिली राहत

ग्रेटर नोएडा। बिसरख थाना क्षेत्र स्थित H&S मॉल में लिफ्ट अटकने से आठ लोग करीब एक घंटे तक अंदर फंसे रहे। ये सभी एक बर्थडे पार्टी से लौट रहे थे और मॉल की 31वीं मंजिल पर स्थित रोमियो लेन रेस्टोरेंट से नीचे आ रहे थे।

दूसरी मंजिल पर अचानक रुकी लिफ्ट

मंगलवार रात रोमियो लेन रेस्टोरेंट में एक बर्थडे पार्टी आयोजित की गई थी। पार्टी खत्म होने के बाद जब दोस्तों का समूह लिफ्ट के जरिए नीचे जा रहा था, तभी दूसरी मंजिल पर पहुंचते ही लिफ्ट अचानक रुक गई और आगे नहीं बढ़ी।

मोबाइल नेटवर्क गायब, घुटन जैसी स्थिति

लिफ्ट में फंसे लोगों को मोबाइल नेटवर्क नहीं मिल पाया, जिससे मदद मांगने में दिक्कत हुई। कुछ लोगों को अंदर घुटन जैसा भी महसूस होने लगा। समूह में शामिल अनिकेत नाम के युवक ने बताया कि वे करीब 40 मिनट से फंसे हुए थे और बाहर से कोई मदद नहीं पहुंच रही थी। हालात को देखते हुए उसने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

करीब एक घंटे बाद खुली लिफ्ट

काफी मशक्कत के बाद आखिरकार लिफ्ट का दरवाजा खोला गया और सभी आठों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हालांकि इस पूरी घटना में करीब एक घंटे का समय लग गया।

मॉल प्रबंधन पर सवाल

घटना के बाद लिफ्ट में फंसे रहे लोगों ने मॉल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि इतनी ऊंची इमारत में लिफ्ट जैसी बुनियादी सुविधा में खराबी और आपातकालीन मदद न मिलना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।

यह भी पढ़ें: प्रवीन रंजन सिंह को ट्रैफिक की अतिरिक्त कमान, प्रीति यादव बनीं डीसीपी साइबर सिक्योरिटी

यहां से शेयर करें