नोएडा में निवेश के नाम पर 3 लोगों से 56.45 लाख की ऑनलाइन ठगी

नोएडा। शहर में साइबर अपराधियों ने निवेश के नाम पर तीन अलग-अलग लोगों को झांसे में लेकर कुल 56 लाख 45 हजार रुपए से अधिक की ऑनलाइन ठगी को अंजाम दिया। ठगी के शिकार लोगों में एक 64 वर्षीय बुजुर्ग भी शामिल हैं। तीनों पीड़ितों ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद जांच पूरी होने पर साइबर क्राइम थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

बुजुर्ग से 18.61 लाख की ठगी

सेक्टर-52 निवासी 64 वर्षीय सुभाष चंद्र यादव ने साइबर पोर्टल पर शिकायत करते हुए बताया कि उनके साथ 18 लाख 61 हजार 218 रुपए की ऑनलाइन ठगी हुई है। शुरुआती जांच में पुलिस को भी साइबर धोखाधड़ी की पुष्टि हुई, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया।

युवक से 14 लाख की ठगी

दूसरे मामले में सेक्टर-143 निवासी हर्षित को निशाना बनाया गया और उनसे 14 लाख रुपए ठग लिए गए। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।

तीसरे मामले में 23.79 लाख की ठगी

तीसरे मामले में चंदन मंडल ने साइबर पोर्टल पर शिकायत देते हुए बताया कि उनसे 23 लाख 79 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी की गई। जांच पूरी होने पर साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज किया गया।

निवेश के झांसे में फंसाया

पुलिस के अनुसार, तीनों ही मामलों में पीड़ितों को निवेश पर अच्छे रिटर्न का लालच देकर ठगा गया। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान करने के साथ-साथ ठगी की रकम कहां-कहां ट्रांसफर हुई, इसका पता लगाने के लिए बैंक खातों की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें: सीएम योगी आदित्यनाथ शनिवार को नोएडा में देंगे सत्यवती मिश्रा को श्रद्धांजलि

यहां से शेयर करें