लखनऊ। राजधानी लखनऊ के इटौंजा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे उस समय हड़कंप मच गया जब स्कूल जा रही एक बस के इंजन में अचानक आग लग गई। हादसे के वक्त बस में लगभग 25 बच्चे सवार थे। इस घटना में 5 साल का एक बच्चा झुलस गया, जबकि बाकी सभी बच्चे सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
कहां और कैसे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, फोर्स ट्रैवलर बस (नंबर UP 81 BT 6203) जमखानवा गांव से बच्चों को लेकर मानपुर इटौंजा स्थित शार्प ग्लोबल स्कूल जा रही थी। रास्ते में बगहा पुरवा के पास पहुंचते ही बस के इंजन से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। इससे बस में सवार बच्चों और स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई।
बच्चे का हाथ गर्म बोनट से छुआ, झुलसा
हादसे के बाद बच्चों को तुरंत बस से बाहर निकाला गया। इसी दौरान उतरते समय एक 5 वर्षीय बच्चे का हाथ बस के गर्म बोनट से छू गया, जिससे वह झुलस गया। बच्चे को तत्काल इटौंजा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां इलाज के बाद परिजन उसे घर ले गए। राहत की बात यह रही कि बस में सवार बाकी सभी बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी अन्य बच्चे के घायल होने की सूचना नहीं है।
मौके पर ही बुझाई गई आग, स्थिति सामान्य
स्थानीय लोगों और मौके पर मौजूद लोगों की मदद से इंजन में लगी आग को समय रहते बुझा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर अब स्थिति पूरी तरह सामान्य है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि आखिर बस के इंजन में आग लगने का कारण क्या था।
यह भी पढ़ें: नीम करौली बाबा की बायोपिक ‘हनुमान अंश’ बनी साल की सबसे बड़ी हिट

