“मिशन सहयोग” से मिले गुम मोबाइल, ग्रेटर नोएडा पुलिस ने बरामद किए ₹ लाखों के स्मार्टफोन

ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने के लिए चलाए जा रहे “मिशन सहयोग” अभियान के तहत एक बार फिर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के निर्देशन और पुलिस उपायुक्त (ग्रेटर नोएडा) रवि शंकर निम के नेतृत्व में सर्विलांस सेल ग्रेटर नोएडा ने तकनीकी विश्लेषण और सरकार के CEIR पोर्टल की सहायता से विभिन्न कंपनियों के 104 महंगे स्मार्टफोन बरामद किए हैं। इन मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत करीब 21 लाख रुपए आंकी गई है।

कैसे गुम हुए थे मोबाइल

पुलिस के अनुसार, अधिकतर मोबाइल फोन भीड़भाड़ वाली जगहों, साप्ताहिक बाजारों, दोपहिया वाहन चलाते समय या सुबह-शाम टहलते वक्त गिरकर खो गए थे। कई फोन ऑटो, टैक्सी, बस, मेट्रो और ई-रिक्शा में सफर के दौरान भी छूट गए थे। पीड़ितों ने इसकी शिकायत ग्रेटर नोएडा जोन के अलग-अलग थानों में दर्ज कराई थी।

तकनीक से मिली सफलता

सर्विलांस सेल की टीम ने इन शिकायतों पर तकनीकी संसाधनों का उपयोग करते हुए मोबाइल फोन की लोकेशन और जानकारी जुटाई। CEIR पोर्टल और तकनीकी विश्लेषण के जरिए सभी 104 गुम मोबाइल फोन को सफलतापूर्वक ट्रेस किया गया। इसके बाद 19 सितंबर 2026 को सभी बरामद फोन उनके असली मालिकों को सौंप दिए गए। लंबे समय बाद अपने कीमती मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी झलक उठी। मोबाइल पाने वालों ने पुलिस की कार्यशैली और “मिशन सहयोग” अभियान की जमकर सराहना की तथा आभार जताया। पुलिस प्रशासन का कहना है कि गुम मोबाइल की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आधुनिक तकनीक और CEIR पोर्टल के माध्यम से उन्हें ट्रेस कर असली मालिकों तक पहुंचाने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।

यह भी पढ़ें: अंतर्राज्यीय वाहन चोर-स्नेचर गिरोह का भंडाफोड़

यहां से शेयर करें