गाजियाबाद। विजयनगर थाना क्षेत्र के गौर सिद्धार्थम सोसाइटी में मंगलवार शाम एक 10वीं कक्षा की छात्रा ने अपने फ्लैट की 15वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। घटना शाम करीब 6:45 बजे की बताई जा रही है। मृतका की पहचान इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाली 16 वर्षीय शनाया बिष्ट के रूप में हुई है। छात्रा के गिरने की आवाज सुनकर सोसाइटी के सुरक्षा गार्ड और आसपास रह रहे लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही विजयनगर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने छात्रा को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
मौके से मिला दो पन्नों का सुसाइड नोट
पुलिस को घटनास्थल से दो पन्नों का एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें छात्रा ने पढ़ाई के दबाव को अपने इस कदम की वजह बताया है। नोट में उसने लिखा कि वह इसके लिए किसी को दोषी नहीं मानती और खुद को ही जिम्मेदार मानती है। उसने अपने माता-पिता और छोटी बहन से उनका ख्याल रखने की बात लिखी और परिवार तथा दोस्तों से आगे बढ़कर अपनी जिंदगी खुशी से जीने की अपील की। पुलिस सुसाइड नोट और हैंडराइटिंग की जांच कर रही है। ACP कोतवाली उपासना पांडेय के अनुसार, डायल-112 के जरिए शाम करीब सात बजे पुलिस को छात्रा के गिरने की सूचना मिली थी, जिसके बाद तुरंत टीम मौके पर पहुंची।
परिजनों ने जताई नाराजगी
घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने सोसाइटी में मौजूद कुछ लोगों द्वारा वीडियो बनाए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई। पुलिस अब परिजनों और सोसाइटी के अन्य निवासियों से घटना की परिस्थितियों के बारे में पूछताछ कर रही है।

