PF अधिकारी बन बुजुर्ग से 10 लाख की ठगी, जीवन प्रमाणपत्र ऑनलाइन जमा कराने का लालच

नोएडा। साइबर ठगों ने पीएफ अधिकारी बनकर एक बुजुर्ग व्यक्ति को जीवन प्रमाणपत्र ऑनलाइन जमा कराने के नाम पर झांसे में लिया और उनके बैंक खाते से 10 लाख रुपए निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने सोमवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कैसे हुई ठगी

सेक्टर-75 स्थित गोल्फ सिटी सोसाइटी में रहने वाले अनिल कुमार जैन ने पुलिस को बताया कि उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई थी। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को पंजाब नेशनल बैंक के मुख्य कार्यालय में तैनात पीएफ विभाग का अधिकारी बताया। उसने कहा कि जीवन प्रमाणपत्र ऑनलाइन जमा करना अनिवार्य है और इसके लिए एक प्रक्रिया अपनानी होगी। भरोसे में आकर अनिल कुमार ने उस व्यक्ति के बताए निर्देशों का पालन कर दिया। कुछ ही देर बाद उनके मोबाइल पर बैंक खाते से रकम निकलने के मैसेज आने लगे। यह देखकर वे घबरा गए, क्योंकि उन्होंने खुद कोई लेनदेन नहीं किया था। जांच में सामने आया कि उनके खाते से कुल 10 लाख रुपए निकाल लिए गए।

पीड़ित ने तुरंत की शिकायत

ठगी का एहसास होते ही अनिल कुमार ने बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र से संपर्क कर खाते पर डेबिट फ्रीज कराया और इंटरनेट बैंकिंग व डेबिट कार्ड बंद कराने का अनुरोध किया। इसके साथ ही उन्होंने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर भी शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों पर कार्रवाई करने और ठगी गई रकम वापस दिलाने की मांग की है।

पुलिस की एडवाइजरी

थाना प्रभारी ने लोगों से अपील की है कि किसी अनजान व्यक्ति के फोन पर बैंकिंग संबंधी कोई भी निर्देश न मानें। जीवन प्रमाणपत्र जमा कराने या किसी अन्य सरकारी काम के नाम पर ओटीपी, बैंक खाता विवरण या अन्य गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

यह भी पढ़ें: पढ़ाई के दबाव में10वीं की छात्रा ने 15वीं मंजिल से कूदकर दी जान, मम्मी-पापा… I Love You

यहां से शेयर करें