वाराणसी। काशी के सांसद एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार से टेलीफोन पर बातचीत कर वाराणसी में बाढ़ की मौजूदा स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। प्रधानमंत्री ने गंगा के बढ़ते जलस्तर, बाढ़ प्रभावित इलाकों और राहत शिविरों में की जा रही व्यवस्थाओं के बारे में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।
प्रधानमंत्री ने बाढ़ प्रभावित लोगों को किसी भी तरह की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रशासन को राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर संचालित करने तथा प्रभावित लोगों तक तत्काल आवश्यक सुविधाएं पहुंचाने को कहा।
राहत शिविरों की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
पीएम मोदी ने जिलाधिकारी से राहत शिविरों में उपलब्ध कराई जा रही भोजन, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा कि राहत शिविरों में रह रहे लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
प्रधानमंत्री ने प्रशासन से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर रखने और जरूरत के अनुसार तत्काल राहत पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रशासन पूरी तत्परता के साथ काम करे और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
गंगा के बढ़ते जलस्तर पर प्रशासन अलर्ट
वाराणसी में गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी के बीच प्रशासन बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और राहत शिविरों की व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए है। प्रधानमंत्री द्वारा जिलाधिकारी से सीधे जानकारी लेने के बाद प्रशासन को राहत कार्यों में और तेजी लाने के निर्देश मिले हैं।

