आगरा में अचानक धंसी सड़क, गड्ढे में समाई बाइक और बिजली बॉक्स; बाल-बाल बचा युवक

Road caves in in Agra

Road caves in in Agra: आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में बुधवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। धुलियागंज के धोबीपाड़ा इलाके में अचानक सड़क का एक हिस्सा धंस गया और वहां देखते ही देखते गहरा गड्ढा बन गया। गड्ढे में एक बाइक और टोरेंट पावर का कनेक्शन बॉक्स समा गया। हादसे के दौरान बाइक सवार युवक भी गड्ढे में गिर गया, लेकिन वह किसी तरह समय रहते बाहर निकल आया और उसकी जान बच गई।

Road caves in in Agra

तड़के 3:30 बजे अचानक धंसी सड़क

स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना बुधवार तड़के करीब 3:30 बजे की है। सड़क पर पहले से ही एक छोटा सुराख दिखाई दे रहा था। इसी दौरान सड़क का बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया और वहां गहरा गड्ढा बन गया।

स्थानीय निवासी आशुतोष कनौजिया ने बताया कि सड़क पर सुराख दिखाई देने की जानकारी मिलने के बाद वह वहां खड़ी अपनी बाइक हटाने पहुंचे थे। इसी दौरान सड़क का हिस्सा धंस गया और उनकी बाइक के साथ टोरेंट पावर का कनेक्शन बॉक्स भी गड्ढे में जा गिरा।

बाल-बाल बची युवक की जान

आशुतोष के मुताबिक, अचानक सड़क धंसने से वह भी गड्ढे में गिर गए। हालांकि, उन्होंने किसी तरह खुद को संभाला और गड्ढे से बाहर निकल आए। इस घटना में उनकी जान बाल-बाल बची।

उन्होंने बताया कि इलाके में पुरानी लाइनें पड़ी हुई हैं। इन्हें बदलने की मांग कई बार की जा चुकी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि समस्या को लेकर पार्षद और संबंधित अधिकारियों को भी कई बार जानकारी दी गई थी।

मौके पर पहुंची नगर निगम की टीम

घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय पार्षद और नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पार्षद प्रतिनिधि अपूर्व शर्मा ने बताया कि उन्हें सुबह करीब पांच बजे सड़क धंसने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर गड्ढे में बाइक और टोरेंट पावर का कनेक्शन बॉक्स मिला।

उन्होंने कहा कि इलाके में सीवर और अन्य लाइनें काफी पुरानी हैं और उनकी खराब स्थिति को लेकर पहले भी शिकायतें की गई हैं।

सीवर लीकेज से मिट्टी धंसने की आशंका

नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिया गौतम ने बताया कि रात में हुई हल्की बारिश के दौरान सीवर लीकेज के कारण मिट्टी धंसने की आशंका है। नगर निगम की टीम मौके पर पहुंचकर सीवर लाइन की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही सड़क धंसने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल घटनास्थल पर स्थिति की जांच की जा रही है।

Road caves in in Agra

यहां से शेयर करें