Nepal floods: काठमांडू। नेपाल में तिब्बत सीमा से लगे रासुवा जिले में भोटे कोशी नदी में अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी है। बाढ़ के बाद 384 यात्रियों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। इनमें 291 विदेशी नागरिक और 93 नेपाली नागरिक शामिल हैं। नेपाल टूरिज्म बोर्ड के अनुसार, लापता विदेशी यात्रियों में 105 भारतीय नागरिक हैं। हादसे में अब तक सात लोगों की मौत की सूचना है। बड़ी संख्या में लोगों के लापता होने से प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मचा हुआ है।
नेपाल टूरिज्म बोर्ड ने बुधवार सुबह बताया कि 10 टूरिज्म और ट्रैवल एजेंसियों से प्राप्त जानकारी के आधार पर लापता यात्रियों की शुरुआती सूची तैयार की गई है। टूरिज्म बोर्ड, टूरिस्ट पुलिस, ट्रैवल एजेंसियां, गाइड, स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से लापता यात्रियों की लोकेशन और उनकी सुरक्षा की पुष्टि करने में जुटी हैं।
Nepal floods:
105 भारतीयों के लापता होने की जानकारी
टूरिज्म बोर्ड के मुताबिक, लापता 291 विदेशी नागरिकों में 105 भारत के हैं। इनके अलावा ऑस्ट्रेलिया, नीदरलैंड, अमेरिका, मलेशिया, यूनाइटेड किंगडम और दक्षिण अफ्रीका के नागरिक भी सूची में शामिल हैं। कई अन्य विदेशी यात्रियों की राष्ट्रीयता की अभी पुष्टि नहीं हो सकी है। वहीं, 37 लोगों को अनिवासी भारतीय (एनआरआई) के तौर पर सूचीबद्ध किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, यह सूची ट्रैवल और टूरिज्म एजेंसियों से मिले शुरुआती रिकॉर्ड पर आधारित है। इसलिए इसमें बदलाव संभव है। एजेंसियों और स्थानीय अधिकारियों के स्तर पर यात्रियों से संपर्क स्थापित करने तथा उनकी स्थिति की जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
इन एजेंसियों के यात्री भी लापता
शुरुआती रिकॉर्ड में ट्रेकर्स सोसाइटी के 92 यात्री, सम्राट टूर्स एंड ट्रैवल्स के 71, लीफ हॉलिडे के 55 और हिमालयन ग्लेशियर के 52 यात्री शामिल हैं। इसके अलावा कैलाश जर्नी के 31, फिशटेल टूर्स एंड ट्रैवल्स के 27, अल्पाइन इको ट्रेक के 20, काठमांडू हॉलिडे टूर्स एंड ट्रैवल्स के 17, रिचा टूर्स एंड ट्रैवल्स के 12 और एक्सप्लोर वेकेशन के सात यात्रियों के लापता होने की जानकारी मिली है।
मलबे में तलाश, राहत अभियान तेज
बाढ़ के बाद प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया गया है। सुरक्षा बलों और स्थानीय बचाव दलों की टीमें मलबे में फंसे लोगों को तलाश रही हैं। बचाए गए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। नदी में अचानक पानी बढ़ने से कई स्थानों पर भारी मलबा जमा हो गया है, जिससे बचाव कार्य में भी मुश्किलें आ रही हैं।
नेपाल टूरिज्म बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि 384 लापता यात्रियों का आंकड़ा प्रारंभिक है और इसकी पुष्टि की प्रक्रिया अभी जारी है। बोर्ड ने यात्रियों और उनके परिवारों से अपील की है कि आधिकारिक पुष्टि होने तक किसी तरह का निष्कर्ष न निकालें।
प्रशासन की प्राथमिकता लापता यात्रियों का पता लगाने और प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता पहुंचाने की है। भारतीय नागरिकों के लापता होने की सूचना के बाद उनके परिवारों की चिंता भी बढ़ गई है। अधिकारियों की ओर से यात्रियों की पहचान और स्थिति की पुष्टि का काम लगातार जारी है।
Nepal floods:

