Noida fire news: नोएडा। सेक्टर-66 स्थित मामूरा इलाके में सोमवार रात एक जूते की दुकान में अचानक आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर विभाग की दो गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी भी व्यक्ति के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है, हालांकि दुकान में रखा पूरा सामान जलकर खाक हो गया।
आसपास की दुकानों तक फैलने से पहले रोकी गई आग
सीएफओ प्रदीप कुमार के मुताबिक, यह आग मामूरा की गली नंबर-5 में स्थित एक जूते की दुकान में लगी थी। दमकल टीम ने पहुंचते ही होज पाइप बिछाकर आग बुझाने का काम शुरू कर दिया। आग की लपटें तेजी से फैलने का खतरा था, इसलिए फायरकर्मियों ने आग के दायरे को सीमित करने पर विशेष ध्यान दिया और आसपास की दुकानों पर भी एहतियातन पानी का छिड़काव किया। इस त्वरित कार्रवाई की बदौलत आग को पड़ोसी दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया।
शॉर्ट सर्किट बनी आग की वजह, नुकसान का आकलन जारी
समय रहते आग पर नियंत्रण पाने से आसपास की सभी दुकानें सुरक्षित बच गईं। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। फिलहाल फायर विभाग और संबंधित प्रशासनिक अधिकारी दुकान में हुए नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं। पूरे मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है।

