आॅपरेशन छापामारी चक्रव्यूह: रोहिणी में 5 हजार से अधिक वाहनों की जांच, 161 चोरी के दोपहिया बरामद
New Delhi news वाहन चोरी और सड़क अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए रोहिणी जिला पुलिस ने 18 से 21 अगस्त तक ह्यआॅपरेशन छापामारी चक्रव्यूहह्ण चलाया। डीसीपी रोहिणी शशांक जायसवाल के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में 16 टीमों के 277 पुलिसकर्मियों ने 5,000 से अधिक वाहनों की जांच व सत्यापन किया। कार्रवाई के दौरान 161 चोरी के दोपहिया वाहन, जिनमें 116 मोटरसाइकिल और 45 स्कूटी शामिल हैं, बरामद किए गए।
अभियान में 7 अवैध हथियार, जिनमें ब्राजील निर्मित टॉरस 7.65 एमएम पिस्तौल और छह सीएमपी पिस्तौल, 15 जिंदा कारतूस तथा 9 बटनदार चाकू बरामद किए गए। पुलिस ने 686 ग्राम हेरोइन, 2,990 क्वार्टर अवैध शराब और उसके परिवहन में इस्तेमाल कार भी जब्त की। जुआ के 11 मामलों में 21 आरोपियों को गिरफ्तार कर दांव पर लगी 13,960 रुपये की नकदी बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान 7 साइबर ठग, 5 घोषित अपराधी, 7 सक्रिय हिस्ट्रीशीटर तथा बेगमपुर थाना क्षेत्र में संचालित फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। साइबर ठगी के मामलों में आरोपियों के बैंक खातों से जुड़े 26 शिकायतों में करीब 78 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी सामने आई है।
एनडीपीएस मामले में दो आरोपियों से 686 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस मामले में अब तक पांच आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं और कुल बरामदगी 1.764 किलोग्राम हेरोइन, 1.55 लाख रुपये नकद और एक कार है। आबकारी अधिनियम के तहत 13 शराब तस्करों तथा जुआ अधिनियम के तहत 21 आरोपियों पर कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक अभियान के दौरान कुल 109 आरोपी गिरफ्तार/पकड़े गए, जिनमें 24 हिस्ट्रीशीटर शामिल हैं। कार्रवाई का उद्देश्य वाहन चोरी के साथ-साथ झपटमारी, लूट और अन्य सड़क अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना और जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत करना रहा।
शशांक जायसवाल, आईपीएस, डीसीपी रोहिणी ने बताया कि अभियान के दौरान संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की व्यापक जांच के साथ चोरी के वाहनों की बरामदगी और अपराधियों की धरपकड़ पर विशेष जोर दिया गया।
New Delhi news

