Police Hockey Tournament: ग्रेटर नोएडा, पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की मेजबानी में शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम, बीटा-2 में चल रही मेरठ जोन की 27वीं अंतर्जनपदीय पुलिस हॉकी प्रतियोगिता (पुरुष/महिला)-2026 में रविवार को खेले गए मुकाबलों के बाद फाइनल की तस्वीर साफ हो गई है। पुरुष वर्ग के फाइनल में अब गौतमबुद्धनगर और मुजफ्फरनगर की टीमें आमने-सामने होंगी। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में शुरू हुई इस प्रतियोगिता में मेरठ जोन के विभिन्न जनपदों की टीमें अपना दमखम दिखा रही हैं। बीते शनिवार को हुए भव्य शुभारंभ के बाद रविवार को क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल के रोमांचक मुकाबले खेले गए।
रविवार के मुकाबलों के नतीजे
पुलिस मीडिया सेल द्वारा जारी बयान के अनुसार, 23 अगस्त को खेले गए मैचों के परिणाम इस प्रकार रहे:
पहला मैच (क्वार्टर फाइनल, पुरुष वर्ग): मुजफ्फरनगर बनाम हापुड़ के बीच खेले गए इस मुकाबले में मुजफ्फरनगर की टीम ने हापुड़ को 2-1 के करीबी अंतर से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
दूसरा मैच (पहला सेमीफाइनल, पुरुष वर्ग), गौतमबुद्धनगर और बागपत के बीच हुए इस मुकाबले में मेजबान गौतमबुद्धनगर की टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए बागपत को 7-1 के बड़े अंतर से मात दी और फाइनल में प्रवेश किया।
तीसरा मैच (दूसरा सेमीफाइनल, पुरुष वर्ग), मुजफ्फरनगर और मेरठ के बीच हुआ यह मुकाबला काफी संघर्षपूर्ण रहा, जिसमें मुजफ्फरनगर की टीम ने मेरठ को 5-4 से हराकर फाइनल का टिकट कटाया। गौरतलब है कि प्रतियोगिता के उद्घाटन मैच में गौतमबुद्धनगर की टीम पहले ही बुलंदशहर को 10-0 के बड़े अंतर से हरा चुकी थी, जिसने टूर्नामेंट में मेजबान टीम के दमदार फॉर्म का संकेत दे दिया था।
अब कल होंगे खिताबी मुकाबले
पुलिस मीडिया सेल के अनुसार, सोमवार 24 अगस्त को प्रतियोगिता के दोनों वर्गों के फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे-
महिला वर्ग का फाइनल: मेरठ बनाम गाजियाबाद, सुबह 11:00 बजे
पुरुष वर्ग का फाइनल: गौतमबुद्धनगर बनाम मुजफ्फरनगर, दोपहर 3:00 बजे
मेजबान गौतमबुद्धनगर की टीम पूरे टूर्नामेंट में शानदार लय में नजर आई है और अब पुरुष वर्ग के खिताब के लिए उसका मुकाबला मुजफ्फरनगर की मजबूत टीम से होगा, जिसने लगातार दो कड़े मुकाबले जीतकर फाइनल में जगह बनाई है। दूसरी ओर, महिला वर्ग के फाइनल में मेरठ और गाजियाबाद की टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी। स्टेडियम में खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और खेलप्रेमी मौजूद रहे। आयोजकों की ओर से फाइनल मुकाबलों को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं और पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन भी सोमवार शाम को प्रस्तावित है।

