Meerut news मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में आयोजित प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) स्वयंसेवकों के सम्मेलन में मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा सेवा योजना का शुभारंभ किया। योजना के तहत पीआरडी स्वयंसेवकों और उनके परिवार के सदस्यों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों का दैनिक ड्यूटी भत्ता 500 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये करने की घोषणा भी की।
गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण मेरठ के विकास भवन सभागार में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने की, जबकि कैंट विधायक अमित अग्रवाल विशिष्ट अतिथि रहे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री की घोषणाओं का स्वागत करते हुए कहा कि इससे पीआरडी जवानों और उनके परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।
योजना से प्रदेश के 31 हजार से अधिक पीआरडी स्वयंसेवकों और उनके परिवारों के करीब 1.55 लाख सदस्यों को लाभ मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड वितरित किए। साथ ही लखनऊ के सरोजनी नगर क्षेत्र में करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुमंजिला पीआरडी बैरक का शिलान्यास भी किया।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि पीआरडी स्वयंसेवक कानून-व्यवस्था, यातायात, आपदा प्रबंधन, चुनाव और विभिन्न महत्वपूर्ण आयोजनों में पुलिस-प्रशासन के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कैशलेस चिकित्सा सुविधा से उन्हें और उनके परिवारों को गंभीर बीमारी व आकस्मिक परिस्थितियों में आर्थिक राहत मिलेगी। दैनिक ड्यूटी भत्ता बढ़ाए जाने और कैशलेस चिकित्सा सुविधा की घोषणा से मेरठ के पीआरडी जवानों में खुशी का माहौल रहा। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए इसे जवानों के हित में महत्वपूर्ण पहल बताया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, पीडीडीआरडीए सुनील कुमार सिंह, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार, जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी वैश्विक डबास सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और पीआरडी जवान मौजूद रहे।
Meerut news

