स्मार्ट मीटर लगते ही बढ़ गया बिजली बिल? नोएडा में 17 दिन में 981 शिकायतें, जानिए क्या है पूरा मामला

नोएडा। शहर में स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिलों में गड़बड़ी की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। विद्युत निगम की ओर से लगाए जा रहे शिकायत निवारण शिविरों में बड़ी संख्या में उपभोक्ता मीटर और बढ़े हुए बिजली बिल की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। पिछले 17 दिनों में 981 मीटर संबंधी शिकायतें दर्ज की गई हैं। निगम अधिकारियों का दावा है कि इन शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया है।

342 उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर को लेकर दर्ज कराई शिकायत

शिविरों में दर्ज शिकायतों में 342 शिकायतें स्मार्ट मीटर से संबंधित रहीं। कई उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल बढ़ने की शिकायत की। एक उपभोक्ता ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने से पहले उसका मासिक बिजली बिल करीब दो हजार रुपये आता था, लेकिन इसके बाद बिल में लगभग एक हजार रुपये की बढ़ोतरी हो गई।

बताया गया कि विद्युत निगम के अभियान के दौरान संबंधित मीटर को प्रीपेड में तब्दील कर दिया गया था। शिकायत मिलने के बाद अब उसे दोबारा पोस्टपेड कर दिया गया है।

तीन महीने से ज्यादा बिल आने की शिकायत

एक अन्य उपभोक्ता ने बताया कि उसे लगातार तीन महीने से अधिक बिजली बिल मिल रहा है। उपभोक्ता के अनुसार उसने ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसके बाद वह शिकायत निवारण शिविर में पहुंचा और अपनी शिकायत दर्ज कराई।

1054 उपभोक्ता पहुंचे शिविर में

विद्युत निगम द्वारा अलग-अलग स्थानों पर लगाए जा रहे शिकायत निवारण शिविरों में अब तक 1054 उपभोक्ता पहुंच चुके हैं। इनमें स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों के अलावा 639 उपभोक्ताओं ने बिजली बिल संबंधी समस्याएं दर्ज कराईं।

अधिकारियों के अनुसार शिविरों का उद्देश्य उपभोक्ताओं की समस्याओं का मौके पर समाधान करना है। स्मार्ट मीटर और बिजली बिल से जुड़ी शिकायतों के बढ़ने के बाद इन शिविरों के जरिए उपभोक्ताओं को राहत देने का प्रयास किया जा रहा है।

स्मार्ट मीटर को लेकर क्यों बढ़ रही शिकायतें?

स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं की शिकायतें मुख्य रूप से बिजली बिल बढ़ने, मीटर के प्रीपेड होने और बिल की गणना से जुड़ी समस्याओं को लेकर सामने आ रही हैं। ऐसे में विद्युत निगम के सामने उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित और पारदर्शी तरीके से समाधान करने की चुनौती है।

 

यह भी पढ़ें: ऑनलाइन गेमिंग ने बढ़ाया कर्ज का बोझ! नोएडा में 40 वर्षीय व्यक्ति ने उठाया खौफनाक कदम, परिवार में मचा कोहराम

यहां से शेयर करें