क्राइम न्यूज़ नोएडा: हाइड पार्क सोसाइटी में महिला ने की आत्महत्या, लंबे समय से चल रही थीं डिप्रेस्ड

क्राइम न्यूज़ नोएडा: नोएडा। सेक्टर-113 क्षेत्र स्थित हाइड पार्क सोसाइटी में सोमवार सुबह एक महिला ने सातवीं मंजिल से छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। मृतका की पहचान दिल्ली के विकासपुरी निवासी प्रभजोत कौर (55) के रूप में हुई है। वह शुक्रवार को अपनी बहन के घर रहने के लिए नोएडा आई थीं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

बहन के घर पांचवें तल पर रहती थीं ठहरी हुई

पुलिस के अनुसार, प्रभजोत कौर अक्सर नोएडा में अपनी बहन सतविंद्र कौर के घर आती-जाती रहती थीं। सतविंद्र कौर हाइड पार्क सोसाइटी के पांचवें तल पर अपने परिवार के साथ रहती हैं। सोमवार सुबह करीब 8 बजे प्रभजोत सातवीं मंजिल पर पहुंचीं और वहां कुर्सी पर चढ़कर छलांग लगा दी। ऊंचाई से गिरने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पति की पहले हो चुकी थी मौत, बच्चे रहते हैं अलग

जांच में सामने आया कि प्रभजोत कौर के पति की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। उनके दो बच्चे हैं, जो अलग रहते हैं। वह दिल्ली के विकासपुरी इलाके में अकेली रहती थीं, यही वजह थी कि वह अक्सर अपनी बहन के घर नोएडा आती थीं।

लंबे समय से चल रहा था डिप्रेशन का इलाज

परिजनों ने बताया कि प्रभजोत कौर लंबे समय से डिप्रेशन से जूझ रही थीं और इसकी दवाएं भी ले रही थीं। पिछले कुछ दिनों से वह काफी तनाव में नजर आ रही थीं। हालांकि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई में जुटी है। यह एक संवेदनशील विषय है। यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव या डिप्रेशन से जूझ रहा है, तो कृपया किसी काउंसलर, डॉक्टर या हेल्पलाइन से संपर्क करें।

यह भी पढ़ें: Russia-Ukraine War: लक्ष्मी मित्तल के प्लांट पर गिरी रूसी मिसाइल, 2 की मौत; यूक्रेन के ड्रोन अटैक से कांपा मॉस्को

यहां से शेयर करें