Nainital Accident: हरियाणा के 22 पर्यटकों की टेंपो ट्रैवलर खाई में गिरी, ह्यूमन चेन से बची जान

Nainital Accident: नैनीताल, उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे नैनीताल जिले के मल्ला रामगढ़ क्षेत्र में एक बड़ा हादसा हो गया, जब हरियाणा के पर्यटकों से भरी एक टेंपो ट्रैवलर भवाली से मुक्तेश्वर जाते समय अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा पलटी।

लक्ष्मी खान के पास हुआ हादसा

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, हरियाणा नंबर (HR 55 AJ 4172) की यह टेंपो ट्रैवलर पर्यटकों के एक दल को लेकर मुक्तेश्वर घूमने जा रही थी। मल्ला रामगढ़ के लक्ष्मी खान के पास मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद गाड़ी सीधे गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।

ह्यूमन चेन बनाकर चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, भवाली व रामगढ़ थाने की पुलिस और SDRF की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। खाई गहरी होने की वजह से बचाव कार्य में कई दिक्कतें आईं, लेकिन रेस्क्यू टीम ने सूझबूझ दिखाते हुए ह्यूमन चेन बनाकर खाई में उतरना शुरू किया। स्थानीय लोगों और रेस्क्यू टीमों की तत्परता के चलते वाहन में सवार सभी 22 घायल यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा जनहानि होते-होते टल गई।

दो यात्रियों की हालत गंभीर, रेफर करने की तैयारी

हादसे में सभी 22 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। घायलों को एम्बुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामगढ़ भेजा गया, जहां फिलहाल उनका इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल दोनों यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर करने की तैयारी की जा रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और मोड़ पर चालक की लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि पूरी रिपोर्ट आने के बाद ही सटीक कारण सामने आ पाएगा। गौरतलब है कि नैनीताल-मुक्तेश्वर-कैंची धाम मार्ग पर पर्यटकों से भरे वाहनों के खाई में गिरने की घटनाएं पिछले कुछ महीनों में लगातार सामने आई हैं, जिससे पहाड़ी मार्गों की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

यह भी पढ़ें: Noida Water Crisis: नोएडा सेक्टर-78, बच्चियों का नाले में उतरकर पानी भरने का वीडियो वायरल

यहां से शेयर करें