Delhi bomb threat: नई दिल्ली, स्वतंत्रता दिवस से महज एक दिन पहले शुक्रवार को दिल्ली हाईकोर्ट, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) के टर्मिनल-3 समेत राजधानी की छह अलग-अलग जगहों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। इस घटना के बाद पूरे शहर में सुरक्षा जांच और तलाशी अभियान तेज कर दिया गया।
दिल्ली हाईकोर्ट और एयरपोर्ट के अलावा जामनगर हाउस, झंडेवालान स्थित एक इमारत, साकेत में एक कार्यालय और दिल्ली कैंट स्थित SDM कार्यालय को भी धमकी भरे संदेश मिले। सभी जगहों पर फायर ब्रिगेड, बम निरोधक दस्ते (BDDS) और स्नीफर डॉग स्क्वॉड को तैनात किया गया। दिल्ली हाईकोर्ट के संयुक्त सचिव एडवोकेट कुणाल ने एएनआई से बातचीत में कहा कि यह बम धमकी फर्जी प्रतीत होती है और पूरी स्थिति नियंत्रण में है, वहीं परिसर की पूरी तरह जांच के लिए बम दस्ता और स्नीफर डॉग तैनात किए गए हैं।
अदालत सूत्रों के मुताबिक, धमकी भरा ईमेल हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल को भेजा गया था, जिसमें दोपहर 2:11 बजे धमाके की बात लिखी थी। रिपोर्टों के अनुसार यह धमकी भरा ईमेल खालिस्तान के नाम पर भेजा गया था। धमकी मिलते ही दिल्ली पुलिस और रजिस्ट्रार जनरल के बीच लगातार संपर्क बना रहा। राहत की बात यह रही कि इस धमकी के बावजूद अदालत की कार्यवाही सामान्य रूप से जारी रही। बार एसोसिएशन पदाधिकारियों ने भी स्पष्ट किया कि स्थिति पूरी तरह काबू में है और किसी तरह की अफरा-तफरी नहीं हुई।
सुरक्षा एजेंसियां और स्थानीय पुलिस टीमें सभी छह स्थानों पर तलाशी अभियान चला रही हैं और धमकियों की सत्यता की जांच कर रही हैं। अधिकारियों के मुताबिक अब तक किसी भी जगह से कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है, और शुरुआती जांच में यह धमकी फर्जी (होक्स) प्रतीत हो रही है। गौरतलब है कि स्वतंत्रता दिवस से पहले राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही चाक-चौबंद कर दी गई थी। इस तरह की धमकियों के मद्देनजर पुलिस और खुफिया एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं।

