Thailand school shooting: बैंकॉक। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के बाहरी इलाके में स्थित एक स्कूल में शुक्रवार को हुई गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। नोनथाबुरी जिले के देबसिरिन स्कूल में हुई इस वारदात में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में तीन शिक्षक और तीन छात्र शामिल हैं।
Thailand school shooting:
अधिकारियों के अनुसार, गोलीबारी की घटना स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 10 बजे हुई। सूचना मिलते ही आपातकालीन टीमें और पुलिस मौके पर पहुंचीं। घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई और छात्र व शिक्षक सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
छात्र ने की गोलीबारी, हमलावर की हालत गंभीर
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्कूल के एक छात्र ने कथित तौर पर गोलीबारी की। पुलिस ने बताया कि हमलावर ने बाद में खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने की कोशिश की, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि घटना के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि इस्तेमाल की गई बंदूक छात्र ने परिवार के किसी सदस्य से हासिल की थी।
Thailand school shooting:
15 लोग घायल, दो की हालत नाजुक
समाचार चैनल-3 के मुताबिक, गोलीबारी में 15 लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों का इलाज अस्पताल में कराया जा रहा है।
आपातकालीन कर्मचारियों द्वारा जारी तस्वीरों में छात्र स्कूल से बाहर निकलते हुए दिखाई दिए। मौके पर एंबुलेंस पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
सुरक्षाकर्मियों ने लाइव प्रसारण से बचने की अपील की
घटना के दौरान सोशल मीडिया पर गोलीबारी का लाइव प्रसारण भी वायरल हुआ। सुरक्षाकर्मियों ने लोगों से अपील की कि वे घटना का लाइव प्रसारण न करें, ताकि जांच और सुरक्षा अभियान प्रभावित न हो।
प्रधानमंत्री ने जताया दुख
थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पीड़ितों और उनके परिवारों की सहायता करने के निर्देश दिए हैं।
गोलीबारी के करीब एक घंटे बाद सामने आई तस्वीरों में स्कूल के बाहर बड़ी संख्या में लोग मौजूद दिखे, जो एक-दूसरे को सांत्वना दे रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शी ने सुनाई घटना की कहानी
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि जब छात्रों ने दूसरी इमारत से गोलियों की आवाज सुनी तो वे डरकर एक कक्षा में छिप गए। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने दरवाजा खटखटाकर छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला।
फरवरी में भी हुई थी स्कूल गोलीबारी
थाईलैंड में स्कूल गोलीबारी की यह घटना कुछ महीने पहले हुई ऐसी ही वारदात के बाद सामने आई है। फरवरी में सोंगखला प्रांत के फातोंग प्रथान खिरीवत स्कूल में गोलीबारी हुई थी, जिसमें एक शिक्षक की मौत और एक छात्र घायल हुआ था। उस घटना में हमलावर ने छात्रों और शिक्षकों को बंधक भी बनाया था, जिन्हें बाद में पुलिस ने सुरक्षित छुड़ा लिया था।
Thailand school shooting:

