New Delhi news दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़े अंतरराज्यीय अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क का पदार्फाश करते हुए इसके सरगना समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश से अत्याधुनिक अवैध हथियार लाकर दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और उत्तर प्रदेश के अपराधियों तक पहुंचाता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18 अवैध हथियार, 10 अतिरिक्त मैगजीन और पांच जिंदा 9 एमएम कारतूस बरामद किए हैं।
स्पेशल सेल की ईस्टर्न रेंज को गुप्त सूचना मिली थी कि अवैध हथियारों की एक संगठित तस्करी श्रृंखला दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय है। एसीपी कैलाश सिंह बिष्ट की निगरानी में इंस्पेक्टर राहुल कुमार, विनीत कुमार तेवतिया और अजीत कुमार की टीम ने कार्रवाई करते हुए सबसे पहले मथुरा निवासी हरीश चंद्र को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से आठ अत्याधुनिक सेमी-आॅटोमैटिक पिस्टल और आठ मैगजीन बरामद हुईं। पूछताछ में उसने गिरोह के सरगना शिशपाल सिंह उर्फ यश चौधरी का नाम उजागर किया, जिसके बाद पुलिस ने फरीदाबाद, अलीगढ़ और अन्य स्थानों पर छापेमारी कर कुल आठ आरोपियों को दबोच लिया।
जांच में सामने आया कि गिरोह का सरगना शिशपाल सिंह पिछले तीन वर्षों से मध्य प्रदेश के सेंधवा और उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से अवैध हथियार मंगाकर उन्हें दिल्ली-एनसीआर और आसपास के राज्यों में सप्लाई कर रहा था। गिरोह के सदस्य हथियारों की खरीद, परिवहन, भंडारण और डिलीवरी का अलग-अलग जिम्मा संभालते थे। पुलिस के अनुसार आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, वर्चुअल नंबर और एन्क्रिप्टेड एप्लीकेशन का इस्तेमाल करते थे तथा इन्हीं माध्यमों से खरीदारों, सप्लायरों और तस्करों के संपर्क में रहते थे।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 12 अत्याधुनिक सेमी-आॅटोमैटिक पिस्टल, पांच देशी पिस्टल, एक रिवॉल्वर, 10 अतिरिक्त मैगजीन और पांच जिंदा 9 एमएम कारतूस बरामद किए। पुलिस के मुताबिक गिरोह के सदस्य नूर मोहम्मद उर्फ तस्लीम के खिलाफ पहले से 12 और मोहम्मद शान के खिलाफ छह आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि सरगना शिशपाल सिंह भी पहले हथियार तस्करी के मामले में गिरफ्तार हो चुका है।
दिल्ली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और संगठित अपराध सिंडिकेट से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश और अन्य अवैध हथियारों की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।


New Delhi news

