New Delhi news दिल्ली पुलिस के द्वारका जिले में ‘नशे पर लगाम, देश को सलाम’ अभियान के तहत एंटी-नारकोटिक्स सेल ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1,880 क्वार्टर अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला दिल्ली से एक वर्ष के लिए निष्कासित (एक्सटर्न) घोषित की जा चुकी थी, लेकिन इसके बावजूद वह अवैध शराब के कारोबार में सक्रिय मिली।
द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह के निर्देश पर एसीपी आॅपरेशन सुभाष मलिक की निगरानी में एंटी-नारकोटिक्स सेल लगातार शराब तस्करों पर नजर रखे हुए थी। 30 जुलाई को इंस्पेक्टर कमलेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बिंदापुर एक्सटेंशन में छापा मारकर 19 वर्षीय रूपेश कुमार को गिरफ्तार किया। उसकी तलाशी में 1,567 क्वार्टर अवैध शराब बरामद हुई। इस संबंध में थाना डाबड़ी में दिल्ली आबकारी अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में रूपेश ने खुलासा किया कि वह बिंदापुर और डाबड़ी क्षेत्र में सक्रिय शराब तस्करों को अवैध शराब की आपूर्ति करता था। इसके बाद पुलिस ने न्यायालय से एक दिन का रिमांड लेकर उसकी निशानदेही पर प्रताप गार्डन स्थित एक मकान पर छापा मारा और 38 वर्षीय महिला को गिरफ्तार कर लिया। यह महिला 25 जून 2026 के आदेश के तहत एक वर्ष के लिए दिल्ली से निष्कासित की जा चुकी थी। उसके घर से 313 क्वार्टर अवैध शराब बरामद हुई।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार महिला के खिलाफ दिल्ली आबकारी अधिनियम के 15 मामले, जबकि रूपेश के खिलाफ एक मामला पहले से दर्ज है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। बरामद शराब की आपूर्ति करने वाले मुख्य सप्लायर और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
New Delhi news

