Massive fire at ILGIM: ग्रेटर नोएडा में चिप बनाने वाली कंपनी में लगी भीषण आग, दीवार-बीम गिरने से 2 फायरकर्मियों की मौत, 3 घायल

Massive fire at ILGIM: ग्रेटर नोएडा, ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-3 (Ecotech-3) क्षेत्र में स्थित एक निजी इलेक्ट्रॉनिक चिप निर्माता कंपनी में देर रात भीषण आग लग गई, जिसमें रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान हुए हादसे में दो फायरकर्मियों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।

कैसे लगी आग, कब हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक, यह घटना रात करीब 3:00 बजे से सुबह 5:15 बजे के आसपास की है, जब कंपनी में नाइट शिफ्ट चल रही थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर सर्विस की टीमें फायर टेंडर और उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ-साथ रेस्क्यू ऑपरेशन भी शुरू किया।

आग बुझाते वक्त गिरी दीवार और स्टील बीम, मची चीख-पुकार

फायर फाइटिंग अभियान के दौरान अचानक कंपनी की एक साइड की दीवार बल्ज (उभार) करते हुए फायरकर्मियों की ओर गिर गई। इसके साथ ही भारी लोहे के बीम भी मलबे के साथ नीचे आ गिरे। इस हादसे की चपेट में आकर मौके पर मौजूद 5 फायरकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।

इलाज के दौरान दो फायरकर्मियों का निधन

घायल फायरकर्मियों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान दो जांबाजों ने दम तोड़ दिया, रोहित यादव (फायरमैन), तीरथपाल सिंह (मुख्य आरक्षी/चालक), शेष तीन घायल फायरकर्मियों का इलाज जारी है। इनमें से दो को सिर में चोट (हेड इंजरी) आई है, लेकिन सीटी स्कैन सहित सभी जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि तीनों अब खतरे से बाहर हैं।

आग पर पाया गया काबू, SDRF भी पहुंची मौके पर

पुलिस, फायर सर्विस और SDRF (राज्य आपदा मोचन बल) की टीमों ने मिलकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। फायर फाइटिंग के दौरान ही आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

अधिकारी का बयान

अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्रा ने घटनास्थल पर मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि थाना इकोटेक क्षेत्र अंतर्गत आने वाली यह कंपनी “इंजन (ILGIM)” नाम से इलेक्ट्रॉनिक चिप और कई अन्य डिवाइस बनाने का काम करती है। उन्होंने बताया कि सुबह करीब सवा 5 बजे आग बढ़ने की सूचना मिलते ही टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू के साथ-साथ फायर फाइटिंग शुरू की गई। उन्होंने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि मृतक फायरकर्मियों के परिवार के प्रति पूरा पुलिस महकमा संवेदना व्यक्त करता है और इस क्षति से आहत है।

जांच के आदेश, FIR पर अभी फैसला नहीं

अधिकारी ने बताया कि आग लगने के कारण और दीवार-स्ट्रक्चर गिरने की वजह जानने के लिए इंटरनल इंक्वायरी और फायर ऑडिट शुरू कर दिया गया है। लापरवाही को लेकर FIR दर्ज होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पहले ऑडिट रिपोर्ट का इंतजार किया जाएगा, उसके बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।
यह भी पढ़ें: Major administrative reshuffle by Yogi government: गोरखपुर-प्रयागराज समेत 13 आईएएस के तबादले, इंद्र विक्रम सिंह बने गोरखपुर मंडलायुक्त, डॉ. लोकेश एम प्रयागराज के नए मंडलायुक्त

यहां से शेयर करें