New Delhi news उत्तर जिला के थाना बुराड़ी पुलिस ने दुकानों के ताले तोड़कर चोरी करने वाले दो बदमाशों फुरशत अली उर्फ जावेद (34) और कैफ राजा (20) निवासी जहांगीरपुरी को गिरफ्तार कर दो चोरी की वारदातों का खुलासा किया है। आरोपियों से 26 नए मोबाइल फोन, मोबाइल के पुर्जे, एक लैपटॉप, 60 मोबाइल बैटरियां, ताला तोड़ने के औजार और 2.50 लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार 8 जुलाई की रात वेस्ट संत नगर, बुराड़ी स्थित मोबाइल रिपेयरिंग दुकान का ताला तोड़कर 11 मोबाइल फोन और 25 हजार रुपये चोरी किए गए थे। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिसमें आरोपी वारदात के बाद कैब से फरार होते दिखाई दिए। कैब के नंबर के आधार पर पुलिस ने चालक से पूछताछ की और रैपिडो बुकिंग की जानकारी हासिल कर तकनीकी निगरानी शुरू की।
17 जुलाई को फुरशत अली उर्फ जावेद को जहांगीरपुरी से पकड़ा गया। उसकी निशानदेही पर साथी कैफ राजा भी गिरफ्तार हुआ। पुलिस ने फुरशत के दूसरे किराये के कमरे की तलाशी ली, जहां से चोरी का सामान और नकदी बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने बुराड़ी के अलावा शालीमार बाग में भी मोबाइल दुकान में चोरी करने की बात कबूल की। पुलिस के मुताबिक आरोपी चोरी किए गए मोबाइल के पुर्जे अलग कर उन्हें जहांगीरपुरी में बेचते थे। फुरशत पहले भी न्यू उस्मानपुर थाने के चोरी के मामले में शामिल रहा है। पुलिस ने दोनों मामलों को सुलझाने का दावा किया है।

New Delhi news

